महिलाओं के उत्थान के लिए कार्य कर रही राज्य सरकार: सीएम

शिमला: मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि महिलाएं समाज का अभिन्न अंग हैं और प्रदेश सरकार ने महिलाओं को लाभान्वित करने के लिए कई योजनाएं शुरू की हैं। मुख्यमंत्री आज शिमला में एक दैनिक समाचार पत्र के कार्यक्रम को सम्बोधित कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि महिलाएं मीडिया, खेल, विज्ञान, शिक्षा, सेना, प्रशासन, राजनीति, सामाजिक सेवा जैसे विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट सेवाएं प्रदान कर रही हैं तथा उन्होंने प्रदेश का नाम रोशन किया है। महिलाएं प्रदेश के विकास में पुरूषों के समान योगदान दे रही हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि मीडिया सरकार तथा जनता के बीच संवाद सेतु के रूप में कार्य करता है तथा सरकार की कल्याणकारी नीतियों व योजनाओं की जानकारी लोगों को उपलब्ध करवाता है। मीडिया हमें प्रतिदिन विभिन्न क्षेत्रों के समाचारों से अवगत करवाता है जिससे हमारे ज्ञान में वृद्धि होती है।इसके अतिरिक्त लोगों की विभिन्न समस्याओं को सरकार तक पहुंचाने तथा सुझाव प्रदान करने का कार्य भी मीडिया द्वारा किया जाता है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने लैंड सीलिंग एक्ट में संशोधन कर पैतृक सम्पत्ति में बेटियों को बेटों के समान एक स्वतंत्र इकाई का दर्जा प्रदान किया है। बजट में पात्र विधवा महिलाओं एवं एकल नारियों को आवास निर्माण के लिए डेढ़ लाख रुपये की आर्थिक सहायता और राज्य की 20 हजार मेधावी छात्राओं को ई-स्कूटी खरीदने पर 25 हजार रुपये का उपदान का भी प्रावधान किया गया है।
ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि स्पिति क्षेत्र की 18 वर्ष से अधिक आयु की सभी महिलाओं को जून, 2023 से 1500 रुपये प्रति माह पेंशन के रूप में दी जाएगी। उन्होंने कहा कि अपने तीन दिवसीय स्पिति प्रवास के दौरान, उन्होंने वहां के निवासियों की बिजली, पानी सहित अन्य समस्याओं के बारे में जाना और इनके समाधान के लिए अधिकारियों की एक टीम जल्द ही स्पीति घाटी का दौरा करेगी।
मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर विभिन्न क्षेत्रों में सराहनीय योगदान के लिए 12 महिलाओं को सम्मानित किया।

सम्बंधित समाचार

Comments are closed