शिमला: चिट्टे का मुख्य सप्लायर पंजाब के मुकेरियां से गिरफ्तार; 56 ग्राम हेरोइन मामले में था फरार
शिमला: चिट्टे का मुख्य सप्लायर पंजाब के मुकेरियां से गिरफ्तार; 56 ग्राम हेरोइन मामले में था फरार
शिमला: शिमला पुलिस ने नशा तस्करी के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए शिमला के कोटी, जुन्गा क्षेत्र में चिट्टे की सप्लाई करने वाले मुख्य सप्लायर युगराज पुत्र प्यार चंद, निवासी कोटी, तहसील जुन्गा, जिला शिमला को पंजाब के मुकेरियां से गिरफ्तार किया है। आरोपी 56 ग्राम चिट्टा बरामदगी के मामले में फरार चल रहा था तथा गिरफ्तारी से बचने के लिए पंजाब में छिपा हुआ था।
दिनांक 15/16 अक्टूबर 2026 की मध्यरात्रि को शिमला पुलिस की स्पेशल सेल ने गुप्त सूचना के आधार पर लोअर चक्कर स्थित एक आवासीय कमरे की तलाशी ली थी, जहां से अभियुक्ता हीना के कब्जे से 56 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) बरामद की गई थी। इस संबंध में पुलिस थाना बालूगंज में अभियोग संख्या 218/26 दिनांक 16.10.2026, धारा 21 एवं 29 ND&PS Act के तहत मामला दर्ज किया गया था। उक्त मामले में मुख्य सप्लायर युगराज फरार था, जिसकी तलाश में पुलिस लगातार जुटी हुई थी। शिमला पुलिस की स्पेशल सेल ने आरोपी को पंजाब के मुकेरियां से गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। आरोपी को न्यायालय में पेश कर 3 दिन का पुलिस रिमांड हासिल किया गया ।
अन्वेषण में सामने आया है कि आरोपी ने चिट्टे की सप्लाई के लिए एक महिला से संपर्क स्थापित कर उसके क्वार्टर को नशे की सप्लाई का ठिकाना बना रखा था तथा अन्य साथियों की मदद से शिमला में नशे का कारोबार कर रहा था। आरोपी के अंतरराज्यीय नशा तस्करों से संपर्क होने की जानकारी भी सामने आई है। आरोपी का पूर्व आपराधिक इतिहास भी रहा है तथा वह पंजाब के मोहाली (SAS Nagar) में अभियोग संख्या 66/22 के तहत 20 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) बरामदगी के मामले में गिरफ्तार हो चुका है। शिमला पुलिस मामले में गहन अन्वेषण कर रही है।
मुख्य सप्लायर की गिरफ्तारी से कोटी एवं आसपास के क्षेत्रों में सक्रिय नशा सप्लाई नेटवर्क को बड़ा झटका लगा है। शिमला पुलिस नशे के कारोबार में संलिप्त मुख्य सप्लायरों, उनके नेटवर्क एवं नशे की सप्लाई के स्रोतों को चिन्हित कर उनके विरुद्ध लगातार कठोर कार्रवाई कर रही है। नशा तस्करी में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।