चिट्टे के कारोबार में संलिप्त लोगों की अवैध संपत्तियों को सीज व ध्वस्त करने की कार्रवाई में लाएं तेजी – DC

नार्काे कोऑर्डिनेशन सेंटर समिति की मासिक समीक्षा बैठक आयोजित

धर्मशाला: उपायुक्त कांगड़ा हेमराज बैरवा ने कहा कि जिला में चिट्टे के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए मुख्यमंत्री के जीरो टॉलरेंस के संकल्प के अनुरूप प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। नशे के कारोबार में संलिप्त लोगों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई करने के साथ-साथ उनकी अवैध संपत्तियों को सीज करने और ध्वस्त करने की प्रक्रिया में तेजी लाई जाए।

उपायुक्त शनिवार को एनआईसी सभागार में आयोजित जिला स्तरीय नार्काे कोऑर्डिनेशन सेंटर समिति की मासिक समीक्षा बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। बैठक में जिला मुख्यालय के अधिकारियों के अतिरिक्त विभिन्न उपमंडलों के अधिकारियों ने वीडियो कांफ्रेंस के माध्यम से भाग लिया।

हेमराज बैरवा ने बताया कि पिछली बैठक में लिए गए निर्णय के अनुसार उपमंडल स्तरीय नार्काे कोऑर्डिनेशन सेंटर समितियों का गठन कर दिया गया है। उन्होंने सभी उपमंडल अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे एंटी चिट्टा अभियान के तहत शीघ्र बैठकें आयोजित कर नशे के अवैध कारोबार में संलिप्त तत्वों के विरुद्ध समन्वित कार्रवाई सुनिश्चित करें।

उन्होंने नशे के विरुद्ध जन-जागरूकता गतिविधियों को और प्रभावी बनाने पर बल देते हुए जिला के सभी सरकारी एवं निजी उच्च शिक्षण संस्थानों में गठित नशा निवारण क्लबों को सक्रिय करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने के साथ-साथ विद्यालयों में नशे से संबंधित गतिविधियों की सूचना देने के लिए आपातकालीन हेल्पलाइन नंबर 112 का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए। इसके अतिरिक्त शहरी क्षेत्रों में डिजिटल स्क्रीन, स्कूल बसों तथा एचआरटीसी की बसों के माध्यम से एंटी चिट्टा संदेश एवं स्लोगन प्रसारित किए जाएं।

*नशामुक्ति केंद्रों का नियमित निरीक्षण करने को कहा: नशामुक्ति केंद्रों की कार्यप्रणाली की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने पुलिस एवं स्वास्थ्य विभाग को इन केंद्रों का नियमित निरीक्षण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि केंद्रों में उपलब्ध सुविधाओं, निर्धारित मापदंडों तथा मरीजों को दी जा रही सेवाओं की जांच की जाए। साथ ही केंद्र संचालकों एवं वहां कार्यरत स्टाफ का पुलिस सत्यापन भी सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्धारित मापदंडों का पालन न करने वाले नशामुक्ति केंद्रों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करते हुए उन्हें बंद किया जाए तथा क्षमता से अधिक मरीज रखने वाले केंद्रों से मरीजों को अन्य उपयुक्त केंद्रों में स्थानांतरित किया जाए।

उपायुक्त ने शिक्षण संस्थानों और ग्राम पंचायतों में चिट्टे के विरुद्ध जागरूकता एवं संवाद कार्यक्रम नियमित रूप से आयोजित करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने स्कूलों के आसपास स्थित दुकानों पर विशेष निगरानी रखने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना मिलने पर त्वरित कार्रवाई करने को कहा।

उन्होंने कहा कि नशे के विरुद्ध अभियान को जन आंदोलन का स्वरूप देने के लिए सभी विभाग आपसी समन्वय से कार्य करें, ताकि युवा पीढ़ी को नशे की गिरफ्त में आने से बचाया जा सके और जिला को नशामुक्त बनाने के प्रयासों को गति मिले।

सम्बंधित समाचार

Comments are closed