सुखविंदर सिंह सुक्खू बोले- पार्टी से दगा करने वाला कोई भी नेता अब कभी जीत नहीं पायेगा

शिमला: मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा है कि प्रदेश में भ्रष्टाचारी नेताओं को बेनकाब कर सबक सिखाने का समय आ गया है। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार से भाजपा ने एक षड्यंत्र रच कर प्रदेश की कांग्रेस सरकार को अस्थिर करने का असफल प्रयास किया है उससे इसका असली चेहरा देश व प्रदेश के सामने आ चुका है। उन्होंने कहा कि पार्टी से दगा करने वाला कोई भी नेता अब कभी जीत नही पायेगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश की चारों लोकसभा व छह विधानसभा उप चुनावों में भाजपा  को करारी हार का सामना करना पड़ेगा। उन्होंने इसके लिये पार्टी के सभी पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर चुनाव मैदान में उतरने को कहा।

आज प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में शिमला संसदीय क्षेत्र के पार्टी पदाधिकारियों की बैठक को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि मण्डी व शिमला संसदीय क्षेत्र में इस बार पार्टी ने दो नए अनुभवी व ऊर्जावान नेताओं को चुनाव मैदान में उतारा है। उन्होंने कहा कि जल्द ही शेष दो संसदीय क्षेत्रों के लिये भी पार्टी अपने चेहरों का एलान कर देगी। 

सुक्खू ने कहा कि उन्होंने हमेशा  चुनौतियों का सफलतापूर्वक सामना किया है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र को धनबल से नहीं लूटने देंगे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के पास जनबल है। उन्होंने कहा कि भाजपा ने प्रदेश में धनबल से सरकार को अस्थिर करने का जो असफल प्रयास किया अब उसे इसका खामियाजा भुगतना पड़ेगा। 

  उन्होंने कहा कि प्रदेश को आत्मनिर्भर बनाना उनका प्रमुख लक्ष्य है और इसे वह हासिल करेंगे।  उन्होंने कहा कि विकट आर्थिक परिस्थितियों के बावजूद उनकी सरकार ने कर्मचारियों की ओल्ड पेंशन बहाल कर अपनी पहली गारंटी पूरी की। इसके बाद महिलाओं को 1500 रुपए की प्यारी बहना सम्मान निधि भी जारी कर दी गई है। उन्होंने कहा कि सामाजिक सुरक्षा के साथ साथ ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी कांग्रेस सरकार सुदृढ़ करने के प्रति बचनबद्ध है। उन्होंने कहा कि आपदा के समय जिस प्रकार सरकार ने राहत कार्यो को अंजाम दिया उसे प्रदेश के लोग भूले नहीं है। उन्होंने कहा कि सभी पार्टी नेता,पदाधिकारी कार्यकर्ताओं के साथ पूरे तालमेल से चुनाव मैदान में डट जाए और प्रदेश सरकार की 15 महीने की उपलब्धियों व जनहित के कार्यो पर वोट मांगे।

संसदीय क्षेत्र में कांग्रेस बहुत ही मजबूत स्थिति में -रोहित ठाकुर

शिमला संसदीय क्षेत्र के प्रभारी शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने कहा कि इस संसदीय क्षेत्र में कांग्रेस बहुत ही मजबूत स्थिति में है। उन्होंने कहा कि इस संसदीय क्षेत्र से  तीन मुख्यमंत्री डॉक्टर यशवंत सिंह परमार,ठाकुर रामलाल व वीरभद्र सिंह  रहें हैं। उन्होंने कहा कि पिछली बार भले ही हम पिछड़ गए थे पर इस बार ऐसा नही होगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस इस सीट को भारी बहुमत से जीतेगी। उन्होंने कहा कि जनमत कांग्रेस के पास है और धनबल की हार होगी। 

प्रदेश की चारों लोकसभा सीटो के साथ साथ छह विधानसभा उप चुनावों में जीत हासिल करेंगी -प्रतिभा सिंह

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह ने बैठक को सम्बोधित करते हुए सभी पदाधिकारियों से एकजुट होकर कार्य करने को कहा। उन्होंने कहा कि शिमला संसदीय क्षेत्र में कांग्रेस बहुत ही मजबूत स्थिति में है और इसी मजबूती के साथ चुनाव मैदान में उतरना है। उन्होंने सभी नेताओं व पदाधिकारियो से  भाजपा के किसी भी दुष्प्रचार का मुंह तोड़ जवाब देने का आह्वान करते हुए दावा किया कि प्रदेश की चारों लोकसभा सीटो के साथ साथ छह विधानसभा उप चुनावों में जीत हासिल करेगी।

शिमला संसदीय क्षेत्र से पार्टी प्रत्याशी विनोद सुल्तानपुरी ने पार्टी आलाकमान,प्रदेश के मुख्यमंत्री व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष व अन्य सभी नेताओं का उन्हें पार्टी प्रत्याशी बनाये जाने के लिये आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें बहुत बड़ी जिम्मेदारी दी गई है। उन्होंने कहा कि उन्हें विधायक के तौर पर 13 माह का कार्यकाल ही मिला पर मुख्यमंत्री के आशीर्वाद से उन्होंने अपने विधानसभा क्षेत्र में 95 करोड से अधिक के विकास कार्य पूरे किए है। उन्होंने मेरा परिवार शिमला संसदीय क्षेत्र का ऋणी है क्योंकि एक लंबे समय तक उनके पिताश्री कृष्ण दत्त सुल्तानपुरी ने इस क्षेत्र का प्रतिनिधित्व किया। उन्होंने विश्वास दिलाया कि  सांसद के तौर पर अगर वह चुने जाते हैं तो वह भी इस क्षेत्र के विकास और समस्याओं को दूर करने के लिये बचनबद्ध रहेंगे।

इससे पूर्व हर्षबर्धन चौहान, डॉक्टर कर्नल धनीराम शांडिल,कुलदीप सिंह राठौर,विक्रमादित्य सिंह,विनय कुमार,संजय अवस्थी,निगम भंडारी,जैनब चंदेल,अतुल शर्मा के अतिरिक्त जिला व ब्लॉक अध्यक्षों ने भी बैठक को सम्बोधित करते हुए कहा कि प्रदेश में कांग्रेस  मजबूत व एकजुट है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस चारों लोकसभा व छह उप चुनावों में अपनी जीत का परचम लहरायेगी।

सम्बंधित समाचार

Comments are closed