शिमला : प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार ने कहा है कि पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर से अपने कार्यकाल में प्रदेश की वित्तिय स्थिति को तहस नहस करने के लिये प्रदेश से सार्वजनिक तौर पर माफी मांगनी चाहिए। प्रदेश के कर्मचारियों की देनदारियां नहीं देने के लिये भी उन्हें प्रदेश के कमर्चारियों से भी माफी मांगनी चाहिए। उन्होंने कहा है कि डबल इंजन का दावा करने वाली तत्कालीन भाजपा सरकार ने प्रदेश को 70 हजार करोड़ से अधिक का कर्ज व 10 हजार करोड़ से अधिक की कर्मचारियों की देनदारियां प्रदेश की कांग्रेस सरकार को विरासत में दी है। आज भाजपा प्रदेश की आर्थिक स्थिति पर घड़याली आंसू बहा रही है।
विनय कुमार ने जयराम ठाकुर की कड़ी आलोचना करते हुए कहा है कि उन्होंने अपने कार्यकाल में फिजूलखर्ची के सारे रिकार्ड तोड़ डाले इसके लिए प्रदेश के लोग उन्हें कभी माफ नहीं करेंगे।
विनय कुमार ने कहा कि केंद्र की मोदी सरकार ने प्राकृतिक आपदा से हुए नुकसान की भरपाई की कोई भी विशेष मदद प्रदेश की नही की। उनकी 1500 करोड़ की घोषणा का एक भी पैसा आज दिन तक प्रदेश को नहीं मिला, बावजूद इसके प्रदेश की कांग्रेस सरकार ने अपने सीमित संसाधनों से आपदा प्रभावित हर परिवार की खुल कर मदद की। केंद्र सरकार ने प्रदेश की आरडीजी बंद कर प्रदेश के साथ एक बड़ा अन्याय किया है इसके लिए प्रदेश के लोग भाजपा को कभी माफ नहीं करेंगे।
विनय कुमार ने कहा कि प्रदेश की कांग्रेस सरकार ने अपने इस कार्यकाल में प्रदेश की वित्तीय स्थिति को सुधारने व प्रदेश को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में कई महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं। कई ऐतिहासिक निर्णय लिए है,इसमें किशाऊ बांध परियोजना भी प्रमुख है। सरकार के चार साल पूरे होने के उपलक्ष्य में आयोजित होने वाले समारोह में सरकार अपनी उपलब्धियों व आगामी कदमों की पूरी जानकारी जन जन तक पहुंचाएगी। उन्होंने कहा कि सरकार के चार साल के सफल कार्यकाल पर आयोजित होने वाले समारोह को लेकर भाजपा को पेट दर्द नही होना चाहिए।