रिकांग पिओ: जिला किन्नौर में आज जवाहर नवोदय विद्यालय चयन परीक्षा निर्धारित तीनों परीक्षा केंद्रों पर सफलतापूर्वक एवं सुचारु रूप से आयोजित की गई। जिले के तीनों केंद्रों पर कुल 488 पंजीकृत अभ्यर्थियों में से 449 ने परीक्षा दी, जबकि 39 अनुपस्थित रहे। इस प्रकार जिले में कुल उपस्थिति 92 प्रतिशत दर्ज की गई।
परीक्षा केंद्र कल्पा में 193 पंजीकृत अभ्यर्थियों में से 173 उपस्थित रहे और यहाँ उपस्थिति 89.6 प्रतिशत रही। निचार केंद्र पर 192 पंजीकृत अभ्यर्थियों में से 178 ने परीक्षा दी और उपस्थिति 92.7 प्रतिशत दर्ज की गई। पूह केंद्र पर 103 पंजीकृत अभ्यर्थियों में से 98 उपस्थित रहे और यहाँ सर्वाधिक 95.1 प्रतिशत उपस्थिति रही।
उप शिक्षा निदेशक (सेकेंडरी ) किन्नौर कुलदीप डोगरा ने बताया कि परीक्षा के सफल एवं निष्पक्ष संचालन के लिए शिक्षा विभाग ने जिला स्तर पर आवश्यक व्यवस्थाएं की थीं। तीनों शिक्षा खंडों में परीक्षा के संचालन और निगरानी के लिए पर्यवेक्षक नियुक्त किए गए थे। इस कार्य के लिए राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय रिकांग पिओ, मूरंग तथा भावानगर के प्रधानाचार्यों को पर्यवेक्षक बनाया गया था। उन्होंने अपने-अपने क्षेत्रों में परीक्षा व्यवस्था का निरीक्षण व निगरानी की और समय-समय पर प्रतिवेदन प्रस्तुत किया।
संबंधित विद्यालयों के प्रधानाचार्यों, परीक्षा अधीक्षकों एवं निरीक्षकों को परीक्षा के निष्पक्ष, पारदर्शी एवं व्यवस्थित संचालन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए थे।