12 नवंबर तक जमा होंगे आवेदन, 17 नवंबर को होगी स्क्रीनिंग
मण्डी: बाल विकास परियोजना सुंदरनगर के अंतर्गत ग्राम पंचायत सोझा के आंगनवाड़ी केंद्र सलाह में आंगनवाड़ी सहायिका के रिक्त पद को भरने के लिए पात्र महिला उम्मीदवारों से आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। यह जानकारी सीडीपीओ सुंदरनगर पूनम चौहान ने दी।
उन्होंने बताया कि बाल विकास परियोजना सुंदरनगर के अंतर्गत आने वाले आंगनवाड़ी केंद्र सलाह में सहायिका का एक पद भरा जाना है। इच्छुक पात्र महिला उम्मीदवार अपने आवेदन सादे कागज पर पूर्ण विवरण के साथ 12 नवंबर 2026 को शाम पांच बजे तक बाल विकास परियोजना अधिकारी कार्यालय में जमा करवा सकती हैं। आवेदन पत्रों की स्क्रीनिंग 17 नवंबर 2026 को की जाएगी।
पूनम चौहान ने बताया कि आवेदन करने वाली महिला की आयु 12 नवंबर 2026 तक 18 से 35 वर्ष के बीच होनी चाहिए। उम्मीदवार का संबंधित आंगनवाड़ी केंद्र के परिवार सर्वेक्षण रजिस्टर में दर्ज होना तथा न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता 10+2 उत्तीर्ण होना अनिवार्य है। इसके अतिरिक्त उम्मीदवार के परिवार की वार्षिक आय 50 हजार रुपये से अधिक नहीं होनी चाहिए। इसके लिए तहसीलदार, नायब तहसीलदार अथवा कार्यकारी दंडाधिकारी द्वारा जारी आय प्रमाण पत्र प्रस्तुत करना होगा।
आवेदन के साथ हिमाचली प्रमाण पत्र, आयु प्रमाण पत्र, शैक्षणिक योग्यता प्रमाण पत्र, नवीनतम आय प्रमाण पत्र, परिवार रजिस्टर की नकल और आंगनवाड़ी केंद्र के परिवार सर्वेक्षण रजिस्टर में दर्ज होने का प्रमाण संलग्न करना अनिवार्य है। पात्रता से संबंधित अन्य प्रमाण पत्र, यदि लागू हों, तो वे भी जमा करवाने होंगे।