पालमपुर: 19 अक्टूबर को होगा श्रीराम मंदिर संकल्प-पट्टिका एवं डॉ. शिव कुमार की आवक्ष प्रतिमा का अनावरण
पालमपुर: 19 अक्टूबर को होगा श्रीराम मंदिर संकल्प-पट्टिका एवं डॉ. शिव कुमार की आवक्ष प्रतिमा का अनावरण
पालमपुर: द पालमपुर रोटरी आई फाउंडेशन, मरांडा, द पालमपुर रोटरी हेल्पएज फाउंडेशन, रोटरी भवन ट्रस्ट, पालमपुर एवं रोटरी क्लब पालमपुर के संयुक्त तत्वावधान में 19 अक्टूबर, 2026 को रोटरी भवन, पालमपुर में पूर्व केंद्रीय मंत्री, भारत सरकार एवं पूर्व मुख्यमंत्री हिमाचल प्रदेश श्रद्धेय श्री शांता कुमार जी की इच्छा से श्रीराम मंदिर संकल्प-पट्टिका तथा डॉ. शिव कुमार जी की आवक्ष प्रतिमा का अनावरण किया जाएगा।
वर्ष 1989 में पालमपुर में भाजपा राष्ट्रीय कार्यकारिणी की रोटरी भवन में आयोजित बैठक में श्रीराम मंदिर निर्माण के समर्थन में ऐतिहासिक प्रस्ताव पारित किया गया था। इस ऐतिहासिक प्रसंग की स्मृति को चिरस्थायी बनाने के उद्देश्य से रोटरी भवन, पालमपुर में श्रीराम मंदिर संकल्प-पट्टिका स्थापित की जा रही है। 19 अक्टूबर को होने वाला इसका अनावरण पालमपुर के इतिहास से जुड़ने के इस महत्त्वपूर्ण प्रसंग को स्मरण करने का विशेष अवसर होगा।
समारोह के दौरान डॉ. शिव कुमार जी की आवक्ष प्रतिमा का अनावरण भी किया जाएगा। डॉ. शिव कुमार जी द पालमपुर रोटरी आई फाउंडेशन, मरांडा, द पालमपुर रोटरी हेल्पएजक्लब फाउंडेशन, रोटरी भवन ट्रस्ट, पालमपुर तथा रोटरी पालमपुर के संस्थापक अध्यक्ष रहे। रोटरी संस्थाओं की स्थापना और सामाजिक सेवा के क्षेत्र में उनके योगदान को सम्मानपूर्वक स्मरण करने के उद्देश्य से उनकी आवक्ष प्रतिमा स्थापित की जा रही है। दोनों अनावरण श्रद्धेय श्री शांता कुमार जी के कर-कमलों से संपन्न होंगे।
इस संबंध में जानकारी देते हुए श्री के. जी. बुटेल, अध्यक्ष, द पालमपुर रोटरी आई फाउंडेशन, मरांडा एवं रोटरी भवन ट्रस्ट, पालमपुर ने बताया कि समारोह 19 अक्टूबर, को प्रातः 11:00 बजे रोटरी भवन, पालमपुर में आयोजित होगा।