- दिवाली के उपलक्ष्य में प्रत्येक कर्मचारी को 6500 रुपये का नकद प्रोत्साहन
शिमला: खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले मंत्री बाली ने आज यहां बताया कि हि.प्र. राज्य नागरिक आपूर्ति निगम सीमित के कर्मचारियों को पहली जनवरी, 2016 से 6 प्रतिशत महंगाई भत्ता प्रदान करने की मंजूरी दी गई है। इसके अतिरिक्त, निगम के कर्मचारियों को राज्य सरकार के कर्मचारियों की तर्ज पर 5 प्रतिशत अंतरिम राहत प्रदान करने का भी निर्णय लिया गया है।
इसके अलावा, निगम के प्रत्येक कर्मचारी को दीपावली के उपलक्ष्य में 6500 रुपये की नकद प्रोत्साहन राशि प्रदान करने को भी स्वीकृति प्रदान की गई है। इन वित्तीय स्वीकृतियों से जहां निगम के कर्मचारियों की उम्मीदें पूर्ण हुई हैं, वहीं राज्य सरकार ने अपने दायित्व का पूरी संजीदगी के साथ निर्वहन किया है।
बाली ने कहा कि राज्य सरकार कर्मचारियों के हितों को लेकर संजीदा है और समय-समय पर उन्हें देय लाभ प्रदान कर रही है। इससे न केवल कर्मचारियों का मनोबल एवं विश्वसनीयता बढ़ी है, बल्कि उनकी कार्यशैली, संस्था के प्रति निष्ठा एवं आम जनमानस के छोटे-छोटे कार्यों के समयबद्ध निष्पादन की क्षमता भी सुदृढ़ हुई है।
उन्होंने कहा कि निगम में हि.प्र. कर्मचारी चयन आयोग हमीरपुर के माध्यम से कनिष्ठ सहायक (आई.टी.) के 70 पद भरने का हि.प्र. राज्य लोक सेवा आयोग के माध्यम से सहायक कंप्यूटर प्रोग्रेमर का एक पद भरने को भी स्वीकृति प्रदान की गई है और शीघ्र ही ये पद भरें जाएंगे और इससे निगम की कार्यप्रणाली में निश्चित तौर पर सुधार आएगा। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की नीति के अनुरूप निगम में 48 दिहाड़ीदारों की सेवाओं को नियमित किया गया है।
परिवहन एवं खाद्य नागरिक आपूर्ति मंत्री ने कहा कि राज्य में निगमों की कार्य प्रणाली को सुदृढ़ बनाने के हर संभव प्रयास किये जा रहे हैं जिसके चलते गत तीन वर्षों के दौरान निगमों के राजस्व में वृद्धि हुई है और आने वाले समय में निगम पूरी तरह से आत्म निर्भर बनें, ऐसी व्यवस्था पर बल दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि हाल ही में हि.प्र. पथ परिवहन निगम के कर्मियों को वित्तीय कठिनाई के बावजूद भी महंगाई भत्ते की दो किश्तें जारी की गई हैं।