हिमाचल कांग्रेस का राहुल गांधी से आग्रह: इस्तीफे की बात को वापस लें

शिमला: शिमला कांग्रेस कार्यालय में आज राहुल गांधी के अध्यक्ष बने रहने के समर्थन में राज्य कांग्रेस कार्यकारणी की बैठक हुई। इस बैठक में पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह, विपक्ष के नेता मुकेश अग्निहोत्री व कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष कुलदीप राठौर मौजूद रहे जबकि सुक्खू गुट बैठक से नदारद रहा। आज प्रदेश कांग्रेस ने प्रस्ताव पारित कर राहुल गाँधी से आग्रह किया है कि वह इस्तीफा वापस ले लें। राहुल ने करारी हार के बाद ही इस्तीफे की पेशकश की थी, जिसके बाद से वह अपनी बात पर अड़े हुए हैं। इसलिए ही आज प्रदेश कांग्रेस कार्यकारिणी की बैठक बुलाई गई थी, जिसमें राहुल को ऐसा ना करने का आग्रह किया गया। बैठक में राहुल गांधी कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष बने रहें, इसके लिए सर्वसम्मति से सिंगल लाइन प्रस्ताव भेजा गया। कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस जनादेश का स्वागत करती है। हार के मंथन पर बाद में चर्चा होगी। उन्होंने कहा कि आज बैठक में निर्णय लिया कि राहुल गांधी इस्तीफे की बात को वापस लें। इसी को लेकर सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित किया है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी का देश हित में पार्टी अध्यक्ष बने रहना जरूरी है। कांग्रेस पार्टी आने वाले समय मे एकजुट होकर काम करेगी। कांग्रेस पार्टी हारी जरूर है हताश नहीं है। सुक्खू द्वारा अलग से लिखे गए पत्र पर उन्होंने चिंता जाहिर कि और इस पर बाद में चिंतन करने की बात कही।

वहीं वीरभद्र सिंह ने कहा कि कांग्रेस पार्टी हारी जरूर है लेकिन भविष्य में जीतेंगे भी। उन्होंने कहा कि भाजपा ने धनबल और सरकारी मशीनरी का दुरुपयोग करके चुनाव जीते हैं।

वहीं नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री ने भी कहा कि कांग्रेस की देश भर में हार हुई है और भाजपा को लोगों ने जनादेश दिया है। कांग्रेस पार्टी प्रदेश में हार को लेकर मंथन करेगी। कांग्रेस पार्टी एकजुट है और सभी 21 विधायकों ने कांग्रेस पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी के अध्यक्ष बने रहने पर सहमति जताई है। पार्टी ने सिंगल लाइन प्रस्ताव पास कर राष्ट्रीय नेतृत्व को भेजा है।

सम्बंधित समाचार

अपने सुझाव दें

Your email address will not be published. Required fields are marked *