अवैध खनन रोकने के लिए सरकार ने खनन क्षेत्रों की नीलामी करने का लिया निर्णय

शिमला: मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने कहा कि राज्य में अवैध खनन रोकने के लिए सरकार ने खनन क्षेत्रों की नीलामी करने का निर्णय लिया गया है, जिसके अनुसार सर्वाधिक दरों के आधार पर एक निर्धारित समयावधि के लिए खनन का कार्य दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश के विभिन्न स्थानों पर खनन के लिए नीलामी का निर्णय लिया गया है, जिससे अवैध खनन गतिविधियों पर नियंत्रण पाया जा सकेगा।

मुख्यमंत्री आज बिलासपुर जिला के नैना देवी विधानसभा क्षेत्र के स्वारघाट में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा कि जिन लोगों को खनन का कार्य सौंपा जाएगा, वे प्रभावी तरीके से खनन कार्य की निगरानी करेंगे और अवैध खनन रोकने में भी सहायता करेंगे। आगामी एक-दो महीनों के अन्दर सभी चिन्हित खानों की नीलामी की जाएगी ताकि लोगों की निर्माण संबंधी आवश्यकताओं को पूरा किया जा सके और राज्य सरकार को भी राजस्व प्राप्त हो। एक प्रश्न के उत्तर में उन्होंने कहा कि यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि भाजपा नेता राज्य में केन्द्रीय विश्वविद्यालय के मुद्दे पर अनावश्यक होहल्ला कर रहे हैं। पूर्व प्रधानमंत्री डा. मनमोहन सिंह ने 15 अगस्त, 2007 को उन सभी राज्यों में केन्द्रीय विश्वविद्यालय खोलने की घोषणा की थी, जहां केन्द्रीय विश्वविद्यालय नहीं हैं, जिनमें हिमाचल प्रदेश भी एक था। इसके उपरान्त केन्द्रीय मंत्री पी. चिदम्बरम ने शिमला में एक जनसभा को सम्बोधित करते हुए मण्डी में आईआईटी और कांगड़ा जिला में केन्द्रीय विश्वविद्यालय खोलने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि धर्मशाला कांगड़ा जिला का मुख्यालय होने के साथ-साथ एक केन्द्र स्थल भी है और एक स्थान को लेकर राजनीति करना कांग्रेस पार्टी की विचारधारा में शामिल नहीं है। वर्तमान में केन्द्रीय विश्वविद्यालय का संचालन शाहपुर में स्थापित अस्थायी प्रशासनिक भवन से किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि धर्मशाला के समीप जदरांगल में पर्याप्त भूमि का चयन किया गया है और राज्य सरकार यहां केन्द्रीय विश्वविद्यालय स्थापित करने के लिए गम्भीर है। भाजपा बेवजह देहरा में केन्द्रीय विश्वविद्यालय खोलने का मामला उठा रही है, क्योंकि देहरा हमीरपुर संसदीय क्षेत्र का हिस्सा है, जिसका प्रतिनिधित्व भाजपा सांसद अनुराग ठाकुर कर रहे हैं। वीरभद्र सिंह ने कहा कि अनुराग ठाकुर और अन्य भाजपा नेता केन्द्रीय विश्वविद्यालय की स्थापना के लिए स्थान को लेकर घटिया राजनीति कर रहे हैं। प्रस्तावित विश्वविद्यालय का मुख्य परिसर धर्मशाला में स्थापित किया जाएगा, यद्यपि दूसरे स्थानों पर अन्य संस्थान खोलने अथवा देहरा में केन्द्रीय विश्वविद्यालय से संबंधित कालेज खोलने पर कोई पाबन्दी नहीं है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी के लिए देहरा अथवा धर्मशाला में कोई अंतर नहीं है, क्योंकि सरकार सभी क्षेत्रों का समान विकास चाहती है, लेकिन अनुराग ठाकुर ने इसे अनावश्यक रूप से राजनीतिक मुद्दा बना दिया है, जिसके कारण काफी समय से इस महत्वपूर्ण परियोजना का कार्य अधर में लटका पड़ा है। उन्होंने कहा कि अगर कोई सांसद केवल अपने संसदीय क्षेत्र के विकास के बारे में ही सोचना है, तो यह अच्छा संकेत नहीं है। किसी भी राजनेता को क्षेत्र के आधार पर लोगों के बीच दरार पैदा करने का प्रयास नहीं करना चाहिए, जैसा कि भाजपा नेता कर रहे हैं।

एक अन्य प्रश्न के उत्तर में मुख्यमंत्री ने कहा कि वह बिलासपुर क्षेत्र में पेड़ों के काटे जाने के मामले में जांच करवाएंगे। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार भाजपा के दुष्प्रचार का मुंहतोड़ जबाव देगी, क्योंकि राज्य भाजपा के कुछ नेता केन्द्र सरकार के एक मंत्री के साथ मिलकर उन्हें झूठे मामलों में फंसाने की साजिश रच रहे हैं।

वीरभद्र सिंह ने कहा कि यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि केन्द्र की तीन-तीन जांच एजेंसियां उनके विरूद्ध आयकर मामले की जांच कर रही हैं। भाजपा ने उनके शक्ति परीक्षण के लिए अपनी पूरी ताकत झोंक दी हैं, लेकिन वे भूल रहे हैं कि भाजपा नेता जितना अधिक उन्हें दबाने का प्रयास करेंगे वह और मजबूत होकर उभरेंगे।

 

सम्बंधित समाचार

अपने सुझाव दें

Your email address will not be published. Required fields are marked *