जिला बिलासपुर से भरे जाएंगे 10 पद, 3 और 4 जून को आयोजित होगी काउंसलिंग प्रक्रिया
बिलासपुर: स्कूल शिक्षा निदेशालय हिमाचल प्रदेश द्वारा शारीरिक शिक्षा अध्यापकों (जॉब ट्रेनी) के 130 पदों को बैच आधार पर भरा जा रहा है, जिनमें जिला बिलासपुर के 10 पद भी शामिल है। जिला के इन 10 पदों के लिए आगामी 3 और 4 जून को उप-निदेशक स्कूल शिक्षा (प्रारम्भिक) बिलासपुर में काउंसलिंग प्रक्रिया आयोजित की जा रही है।
इस बारे जानकारी देते हुए उप-निदेशक स्कूल शिक्षा (प्रारम्भिक) बिलासपुर अरुण गौतम ने बताया कि जिला बिलासपुर के 10 पदों में से 5 पद सामान्य अनारक्षित श्रेणी, 01 पद ईडब्ल्यूएस श्रेणी, 01 पद ओबीसी अनारक्षित तथा 03 पद अनुसूचित जाति अनारक्षित श्रेणी से भरे जा रहे है। उन्होंने बताया कि अनारक्षित सामान्य श्रेणी के लिए बैच 31 दिसम्बर 2005, ईडब्ल्यूएस श्रेणी के लिए 31 दिसम्बर 2006, अन्य पिछड़ा वर्ग अनारक्षित श्रेणी के लिए बैच 31 दिसम्बर 2007 तथा अनुसूचित जाति अनारक्षित श्रेणी के लिए बैच 31 दिसम्बर 2007 के उम्मीदवार पात्र है। उन्होंने बताया कि उपरोक्त बैच से सम्बन्धित किसी अभ्यर्थी का नाम अगर संबंधित रोजगार कार्यालय द्वारा नहीं भेजा गया है तथा सम्बन्धित रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है तो ऐसे अभ्यार्थी 04 जून 2026 को अपराहन 2 से 5 बजे तक काउंसलिंग में भाग ले सकते है।
उन्होंने बताया कि काउंसलिंग प्रक्रिया में वही अभ्यार्थी भाग ले सकते है जो शारीरिक शिक्षा शिक्षक के भर्ती एवं पदोन्नति नियम 10 जनवरी, 2011 के अनुसार पात्र है। इस संबंध में विस्तृत जानकारी स्कूल शिक्षा विभाग की वैबसाइट https://ddhebilaspurhp.edu.in/ पर उपलब्ध है। इस संबंध में अधिक जानकारी के लिए पात्र अभ्यार्थी कार्यालय के दूरभाष नम्बर 01978-222589 पर किसी भी कार्यदिवस पर प्रातः 10 से सायं 5 बजे तक संपर्क कर सकते है।