हिमाचल: हिमाच्छादित क्षेत्रों में जनगणना का द्वितीय चरण सफलतापूर्वक संपन्न

शिमला:  हिमाचल प्रदेश के बर्फबारी वाले क्षेत्रों में जनगणना-2027 के द्वितीय चरण अर्थात ‘जनसंख्या गणना’ का क्षेत्रीय कार्य 1 सितंबर से 30 सितंबर 2026 तक तथा पुनरीक्षण कार्य 1 अक्टूबर से 5 अक्टूबर 2026 तक निर्धारित समय-सीमा में डिजिटल माध्यम से मोबाइल एप के जरिए सफलतापूर्वक पूर्ण कर लिया गया है। इस चरण के दौरान आधिकारिक रूप से अधिसूचित 40 प्रश्नों के माध्यम से हिमाचल प्रदेश के बर्फबारी वाले क्षेत्रों में निवास करने वाले सभी व्यक्तियों से आवश्यक जानकारी एकत्रित की गई। इन प्रश्नों के माध्यम से जनसांख्यिकीय, सामाजिक एवं आर्थिक स्थिति, साक्षरता, प्रवासन तथा प्रजनन सहित विभिन्न महत्वपूर्ण सामाजिक-आर्थिक मापदंडों से संबंधित आंकड़े संकलित किए गए।इस चरण में विषम भौगोलिक परिस्थितियों, दुर्गम क्षेत्रों तथा चुनौतीपूर्ण मौसम के बीच राष्ट्रीय महत्व के इस महाअभियान को निर्धारित समय-सीमा में सफलतापूर्वक संपन्न करना हिमाचल प्रदेश के लिए एक गौरवपूर्ण उपलब्धि है।

     इस विशाल और चुनौतीपूर्ण कार्य को सफल बनाने का श्रेय हिमाचल प्रदेश सरकार के मुख्य सचिव तथा सचिव (सामान्य प्रशासन) सह-राज्य जनगणना नोडल अधिकारी एवं जनगणना कार्य निदेशालय हि.प्र. की निदेशक के कुशल मार्गदर्शन में किया गया । इसके साथ ही, हिमाच्छादित क्षेत्रों के उपायुक्तों, नगर आयुक्तों और सभी चार्ज अधिकारियों की रणनीतिक योजना और उत्कृष्ट प्रबंधन के परिणामस्वरूप ही यह जटिल कार्य सुगमता से पूरा हो सका।

    इस सफलता के वास्तविक नायक प्रगणक और पर्यवेक्षक हैं। दुर्गम रास्तों को पार करते हुए घर-घर जाकर सटीक आंकड़े एकत्रित करने में उनकी अभूतपूर्व मेहनत, अदम्य साहस और कर्तव्यनिष्ठा ने इस महाभियान को धरातल पर सफल बनाया है। जनगणना कार्य निदेशालय, हिमाचल प्रदेश ने हिमाच्छादित क्षेत्रों में रहने वाले सभी निवासियों का इस सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया है। इन क्षेत्रों के निवासियों द्वारा अपने दायित्व को समझते हुए दी गई सटीक जानकारी और पूर्ण सहयोग के कारण ही यह महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य सफलतापूर्वक संपन्न हो पाया है।

सम्बंधित समाचार

Comments are closed