रिकांगपिओ: उपायुक्त किन्नौर सुश्री सोनाक्षी सिंह तोमर ने आज यहां उपायुक्त कार्यालय के सम्मेलन कक्ष में वर्चुअल माध्यम से जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक की अध्यक्षता की।
उन्होंने उपस्थित अधिकारियों को जनजातीय जिला किन्नौर में सड़क दुर्घटनाओं के आंकड़ों को लेकर अध्ययन करने के निर्देश दिए ताकि शराब पीकर गाड़ी चलाना तथा तेज गति से वाहन चलाने पर अंकुश लगाया जा सके। इसके अतिरिक्त, उपायुक्त किन्नौर ने जिला पुलिस विभाग को सख्ती से यातायात नियमों को लागू करने के निर्देश दिए ताकि सड़क सुरक्षा के दृष्टिगत अमूल्य जानों को बचाया जा सके।
सुश्री सोनाक्षी सिंह तोमर ने लोक निर्माण विभाग को जिला में ब्लैक स्पॉट व दुर्घटना संभावित स्थानों का चयन करने के निर्देश दिए ताकि इन संवेदनशील स्थानों पर लोहे के क्रैश बैरियर स्थापित किए जा सकें और प्रचार प्रसार के माध्यम से सड़क सुरक्षा नियमों के संदर्भ में स्थानीय लोगों को जागरूक किया जा सके।
उन्होंने पुलिस प्रशासन को यातायात नियमों के उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के हाई-टेक चालान प्रणाली अपनाने पर बल दिया।
क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी रामपुर श्री नरेश वर्मा ने बैठक का संचालन किया तथा उपायुक्त किन्नौर को विभिन्न सड़क सुरक्षा कार्यक्रमों की जानकारी दी।











