मण्डी: खेलो हिमाचल-चिट्टा मुक्त अभियान के तहत सुंदरनगर में होंगी आठ खेल प्रतियोगिताएं

*15 से 30 वर्ष आयु वर्ग के महिला एवं पुरुष खिलाड़ी ले सकेंगे भाग, पंजीकरण की अंतिम तिथि 30 नवंबर*

*महिला खिलाड़ियों की भागीदारी बढ़ाने पर विशेष जोर, लाखों रुपये की आकर्षक पुरस्कार राशि*
मण्डी: प्रदेश सरकार के चिट्टा मुक्त हिमाचल अभियान के तहत युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने तथा उन्हें खेल गतिविधियों से जोड़ने के उद्देश्य से उपमंडल सुंदरनगर में ‘खेलो हिमाचल-चिट्टा मुक्त अभियान’ के अंतर्गत आठ खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। प्रतियोगिताओं की तैयारियों को लेकर उपमंडलाधिकारी (ना.) सुंदरनगर अमर नेगी की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई, जिसमें आयोजन की रूपरेखा एवं व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई।
एसडीएम अमर नेगी ने बताया कि अभियान के तहत क्रिकेट, वॉलीबॉल, बैडमिंटन, कबड्डी, एथलेटिक्स, कुश्ती, हॉकी और रस्साकशी की प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी। इनमें 15 से 30 वर्ष आयु वर्ग के महिला एवं पुरुष खिलाड़ी भाग ले सकेंगे। प्रतियोगिताओं के लिए ऑनलाइन पंजीकरण की अंतिम तिथि बढ़ाकर 30 नवंबर, 2026 कर दी गई है। इच्छुक खिलाड़ी https://khelohimachal.hp.gov.in पोर्टल पर पंजीकरण करवा सकते हैं। प्रतिभागी एक से अधिक खेलों में भी हिस्सा ले सकेंगे।
उन्होंने बताया कि प्रतियोगिताएं 12 दिसंबर 2026 से शुरू होगी। इसके लिए सुंदरनगर में राजकीय उत्कृष्ट वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला (छात्र), पीएम श्री राजकीय आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला (कन्या), महाराजा लक्ष्मण सेन मेमोरियल कॉलेज तथा राजकीय बहुतकनीकी संस्थान के मैदानों का चयन किया गया है।
*महिला खिलाड़ियों की भागीदारी बढ़ाने पर विशेष जोर*
एसडीएम ने कहा कि अब तक प्राप्त पंजीकरण में महिला खिलाड़ियों की भागीदारी अपेक्षाकृत कम सामने आई है। इसे देखते हुए सभी शिक्षण संस्थानों, पंचायत प्रतिनिधियों और महिला खिलाड़ियों से विशेष आग्रह किया गया है कि वे अधिक से अधिक संख्या में प्रतियोगिताओं के लिए पंजीकरण करवाएं। उन्होंने पंचायत प्रतिनिधियों से भी आग्रह किया कि प्रत्येक पंचायत से रस्साकशी प्रतियोगिता के लिए एक महिला और एक पुरुष टीम का पंजीकरण सुनिश्चित करने के प्रयास करें। उन्होंने कहा कि महिलाओं की खेलों में भागीदारी केवल उनकी प्रतिभा को मंच देने तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज में सकारात्मक बदलाव लाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। महिलाएं परिवार और समाज में जागरूकता की मजबूत कड़ी हैं। नशे के दुष्प्रभावों के प्रति युवाओं को जागरूक करने तथा चिट्टा मुक्त समाज के निर्माण में उनकी सक्रिय भागीदारी बेहद जरूरी है। खेलों के माध्यम से महिलाएं और युवतियां आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और स्वस्थ जीवनशैली का संदेश भी दे सकती हैं।

अमर नेगी ने बताया कि कबड्डी, वॉलीबॉल और क्रिकेट प्रतियोगिताओं में उपमंडल स्तर पर प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली टीमों को क्रमशः 51 हजार, 41 हजार और 31 हजार रुपये की पुरस्कार राशि दी जाएगी। जिला स्तर पर यह राशि क्रमशः 2 लाख, 1.50 लाख और 1 लाख रुपये, जबकि राज्य स्तर पर 31 लाख, 15 लाख और 10 लाख रुपये निर्धारित की गई है।

उन्होंने बताया कि पंजीकरण में किसी भी प्रकार की परेशानी आने पर प्रतिभागी हेल्पडेस्क नंबर 92125-35773 पर संपर्क कर सकते हैं। उन्होंने सभी पात्र खिलाड़ियों से निर्धारित समय सीमा के भीतर पंजीकरण करवाकर अभियान में भाग लेने की अपील की।

एसडीएम ने कहा कि प्रत्येक खेल प्रतियोगिता से पहले प्रतिभागियों को नशामुक्ति की शपथ भी दिलाई जाएगी। खेल युवाओं की ऊर्जा को सकारात्मक दिशा देने का सशक्त माध्यम हैं। उन्होंने शिक्षण संस्थानों, पंचायत प्रतिनिधियों और संबंधित विभागों से अभियान को सफल बनाने में सहयोग देने का आह्वान करते हुए कहा कि सामूहिक प्रयासों से ही चिट्टे जैसी सामाजिक बुराई के खिलाफ जनभागीदारी सुनिश्चित कर स्वस्थ एवं नशामुक्त हिमाचल का निर्माण किया जा सकता है।

सम्बंधित समाचार

Comments are closed