बिलासपुर: गोबिंदसागर जलाशय में विभिन्न प्रजातियों के 4.83 लाख से अधिक मत्स्य बीज का संग्रहण

बिलासपुर: गोबिंदसागर जलाशय में मत्स्य संपदा के संरक्षण एवं संवर्धन के उद्देश्य से मत्स्य विभाग द्वारा विभिन्न प्रजातियों के गुणवत्तायुक्त मत्स्य बीज का संग्रहण किया जा रहा है। इसी कड़ी में 19 नवंबर को गोबिंदसागर जलाशय के नकराणा नामक स्थान पर सिल्वर कार्प प्रजाति के 1,18,910, रोहू के 46,152 तथा कतला के 95,672 सहित कुल 2,60,734 मत्स्य बीज जलाशय में छोड़े गए। इसके अतिरिक्त, 21 नवंबर को नकराणा में ही कतला प्रजाति के 2,22,892 मत्स्य बीज का संग्रहण किया गया। इस प्रकार दो दिनों में कुल 4,83,626 मत्स्य बीज जलाशय में छोड़े जा चुके हैं।

इस बारे जानकारी देते हुए सहायक निदेशक मत्स्य पंकज ठाकुर ने बताया कि लगभग 100 मिलीमीटर आकार के इन गुणवत्तायुक्त मत्स्य बीजों को पश्चिम बंगाल के आपूर्तिकर्ता अन्वेष एंटरप्राइजेज के माध्यम से विभाग द्वारा अनुमोदित दरों पर खरीदा गया है। मत्स्य बीज संग्रहण की संपूर्ण प्रक्रिया संयुक्त निदेशक मत्स्य, पवन कुमार की अध्यक्षता में गठित विभागीय समिति की देखरेख में संपन्न की जा रही है। समिति में सहायक निदेशक मत्स्य, मत्स्य मंडल बिलासपुर पंकज ठाकुर सदस्य सचिव तथा सहायक निदेशक मत्स्य, मत्स्य मंडल ऊना विवेक शर्मा पर्यवेक्षक के रूप में शामिल हैं।

उन्होंने बताया कि कि चालू वित्त वर्ष के दौरान गोबिंद सागर जलाशय में विभिन्न प्रजातियों के कुल 35.50 लाख मत्स्य बीज संग्रहण का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसमें से अब तक 29,83,069 मत्स्य बीज का संग्रहण किया जा चुका है, जबकि शेष 5,66,931 मत्स्य बीज का संग्रहण भी आगामी दिनों में पूरा कर लिया जाएगा।

सम्बंधित समाचार

Comments are closed