भाजपा जन आंदोलन के नाम कांग्रेस के खिलाफ कितनी भी समितियां बना ले, लोग बहकावे में आने वाले नहीं – विनय कुमार

शिमला : प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार ने कहा है कि भाजपा जन आंदोलन के नाम कांग्रेस के खिलाफ  कितनी भी समितियां बना ले,लोग अब इसके किसी भी बहकावे में आने वाले नही। अपने ऊपर लगे गंभीर भ्रष्टाचार के आरोपों से घिरी भाजपा लोगों का ध्यान बांटने का असफल प्रयास कर रही है। भाजपा को पहले नीट पेपर लीक व राम मंदिर से दान के हजारों करोड़ की चोरी का अपराध कबूल करना चाहिए। उसे हिम्मत कर अपने उन नेताओं का नाम सार्वजनिक करने चाहिए जो इस भ्रष्टाचार में शामिल हैं।

विनय कुमार ने आज यहां एक प्रेस बयान में भाजपा को आड़े हाथ लेते हुए कहा है कि कांग्रेस प्रदेश में  भाजपा के खिलाफ युवाओं के भविष्य के साथ हो रहें खिलवाड़, नीट व सीबीएसई  पेपर लीक व  राम मंदिर चंदा लूट को मुख्य मुद्दा बनाने जा रही है। उन्होंने कहा है कि इस लूट से भाजपा की तिजोरियां भरी गई ,इसलिए भाजपा इसके असली और बड़े गुनहगारों पर हाथ डालने से परहेज कर रही है।

विनय कुमार ने कहा है कि केंद्र की भाजपा सरकार के खिलाफ कांग्रेस का जिला स्तर पर आयोजित नीट पेपर लीक व राम मंदिर चंदा लूट के विरोध प्रदर्शन सफल रहें है,अब दूसरे चरण में सभी ब्लॉकों में कांग्रेस पार्टी के नेता व कार्यकर्ता इस भ्रष्टाचार के खिलाफ मोर्चा खोलने जा रही है। उन्होंने कहा कि राम मंदिर के नाम पर राजनीति करने वाली भाजपा ,इस लूट का पर्दाफाश होने के बाद अब अपना मुंह छुपाने की कोशिश कर रही है। केंद्र की मोदी सरकार इस लूट की जांच उच्चतम न्यायालय के किसी भी न्यायधीश से करवाने का साहस भी नही कर पा रही है। प्रधानमंत्री  के मुंह से एक बार भी इस महालूट बारे एक भी शब्द नही निकल रहा है जबकि श्रीराम मंदिर निर्माण के समय वह देश विदेश के लोगों से चंदे के तौर पर महादान देने का अपील करते थे। आज जब इस दान की लूट का खुलासा हुआ है तो ऐसे में प्रधानमंत्री को इस पूरे चंदे की जानकारी देश के लोगों को देनी चाहिए। मंदिर निर्माण से लेकर अब तक कब कितना खर्च किया गया। इसकी पूरी ऑडिट रिपोर्ट देश के सामने रखनी चाहिए। प्रभु श्रीराम का मंदिर देश की धरोहर है और इसके आये व्यय का पूरा लेखा जोखा समय समय पर देश के सामने रखना चाहिए।

सम्बंधित समाचार

Comments are closed