कोरम के अभाव में नहीं हो सका नगर परिषद जोगिन्दर नगर के अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष का चुनाव
कोरम के अभाव में नहीं हो सका नगर परिषद जोगिन्दर नगर के अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष का चुनाव
जोगिन्दर नगर: नगर परिषद जोगिन्दर नगर में अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष पदों के लिए गुरुवार को निर्धारित चुनाव कोरम के अभाव में सम्पन्न नहीं हो सका। नियमानुसार आवश्यक संख्या में पार्षदों की उपस्थिति न होने के कारण चुनाव प्रक्रिया स्थगित करनी पड़ी।
इस संबंध में जानकारी देते हुए एसडीएम एवं निर्वाचन अधिकारी जोगिन्दर नगर मनीश चौधरी ने बताया कि नगर परिषद में अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष के रिक्त पदों को भरने के लिए आज विशेष बैठक बुलाई गई थी। नियमों के अनुसार बैठक की कार्यवाही संचालित करने के लिए सात निर्वाचित पार्षदों में से कम से कम पांच पार्षदों की उपस्थिति आवश्यक थी, लेकिन बैठक में कोई भी पार्षद उपस्थित नहीं हुआ।
उन्होंने बताया कि पर्याप्त कोरम न होने के कारण अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष के चुनाव की प्रक्रिया पूरी नहीं की जा सकी। उन्होंने कहा कि नियमानुसार अब नगर परिषद की पुनः बैठक 12 जून, को सायं 3 बजे आयोजित की जाएगी, जिसमें अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष पदों के लिए चुनाव करवाया जाएगा।
एसडीएम ने सभी संबंधित पार्षदों से निर्धारित समय पर बैठक में उपस्थित होकर लोकतांत्रिक प्रक्रिया को सफल बनाने का आग्रह किया है। ::