स्वास्थ्य मंत्री का बयान महिला और परिवार के प्रति असंवेदनशील – संदीपनी भारद्वाज

पीड़ित परिवार को न्याय और मामले की निष्पक्ष जांच हो : संदीपनी भारद्वाज

शिमला : भाजपा प्रदेश प्रवक्ता संदीपनी भारद्वाज ने अर्की में पथरी के ऑपरेशन के दौरान महिला की मृत्यु के मामले में स्वास्थ्य मंत्री डॉ. धनीराम शांडिल द्वारा दिए गए बयान की कड़ी आलोचना करते हुए कहा कि एक जिम्मेदार मंत्री से इस प्रकार की असंवेदनशील टिप्पणी की अपेक्षा नहीं की जा सकती।

संदीपनी भारद्वाज ने कहा कि जिस परिवार ने अपनी बेटी और बहू को खोया है, वह गहरे दुख और पीड़ा से गुजर रहा है। ऐसे समय में सरकार और स्वास्थ्य मंत्री का दायित्व संवेदना व्यक्त करना और निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करना होता है, लेकिन स्वास्थ्य मंत्री का बयान पूरी तरह अमानवीय और गैर-जिम्मेदाराना प्रतीत होता है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति लगातार बिगड़ रही है। अस्पतालों में संसाधनों और विशेषज्ञ डॉक्टरों की कमी के कारण आम जनता परेशान है, लेकिन सरकार इन गंभीर मुद्दों पर ध्यान देने की बजाय बयानबाजी में व्यस्त है। यदि ऑपरेशन के दौरान किसी प्रकार की चिकित्सीय लापरवाही हुई है तो सरकार को मामले की निष्पक्ष जांच करवाकर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करनी चाहिए।

संदीपनी भारद्वाज ने कहा कि कांग्रेस सरकार जनता की भावनाओं को समझने में पूरी तरह विफल साबित हुई है। संवेदनशील मुद्दों पर इस प्रकार के बयान केवल सरकार की संवेदनहीन सोच को उजागर करते हैं। भाजपा पीड़ित परिवार के साथ खड़ी है और उन्हें न्याय दिलाने की मांग करती है।

उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य मंत्री को अपने बयान पर सार्वजनिक रूप से माफी मांगनी चाहिए और सरकार को यह सुनिश्चित करना चाहिए कि भविष्य में इस प्रकार की घटनाएं दोबारा न हों।

सम्बंधित समाचार

Comments are closed