अर्की में ऑपरेशन के दौरान महिला की मौत, मंत्री का विवादित बयान
अर्की में ऑपरेशन के दौरान महिला की मौत, मंत्री का विवादित बयान
सोलन: सोलन जिले के अर्की अस्पताल में पथरी के ऑपरेशन के दौरान एक महिला की मौत के बाद भारी हंगामा खड़ा हो गया है। मृतक महिला अर्की क्षेत्र के भूमती पंचायत के चुनार गांव की रहने वाली बताई जा रही है। परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन और डॉक्टरों पर गंभीर लापरवाही के आरोप लगाते हुए अस्पताल परिसर में प्रदर्शन किया और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग उठाई। परिजनों का आरोप है कि ऑपरेशन के बाद महिला की हालत बिगड़ने लगी, लेकिन समय रहते उचित इलाज नहीं दिया गया। महिला के बेटे ने बताया कि दोपहर करीब साढ़े 12 बजे अस्पताल में डॉक्टर और नर्सें घबराहट में इधर-उधर भाग रहे थे। बाद में डॉक्टरों ने उन्हें मरीज को शिमला ले जाने के लिए कहा। उन्होंने आरोप लगाया कि अस्पताल स्टाफ ने उन्हें महिला को छूने तक नहीं दिया और खुद ही एंबुलेंस में शिफ्ट किया।
परिवार का कहना है कि जब वे महिला को लेकर शिमला पहुंचे तो वहां डॉक्टरों ने बताया कि उनकी मां की मौत करीब दो से तीन घंटे पहले ही हो चुकी थी। महिला के भाई ने आरोप लगाया कि एंबुलेंस में कोई डॉक्टर साथ नहीं था और रास्ते में ही महिला का शरीर नीला पड़ चुका था तथा हाथ-पांव ठंडे हो गए थे।
ग्रामीणों और स्थानीय लोगों ने भी घटना को लेकर नाराजगी जताई है। गांव के पूर्व प्रधान ने कहा कि महिला पूरी तरह स्वस्थ हालत में पैदल अस्पताल गई थी, लेकिन कथित लापरवाही के चलते उसकी जान चली गई।
इधर, मामले को लेकर स्वास्थ्य मंत्री धनी राम शांडिल का एक बयान भी विवादों में आ गया है। शिमला में पत्रकारों से बातचीत के दौरान मंत्री ने कहा कि वह पूरे मामले को देख रहे हैं, लेकिन इसी दौरान उनका एक कथित बयान वायरल हो गया, जिसमें उन्होंने कहा, “डेथ तो होगी ही, जब पथरी में पानी पीना नहीं है।” इस टिप्पणी के सामने आने के बाद विपक्ष और स्थानीय लोगों ने मंत्री के बयान पर भी सवाल उठाने शुरू कर दिए हैं।