शिमला: सुरक्षित इंटरनेट उपयोग पर केवी जतोग में एक दिवसीय कार्यशाला आयोजित
शिमला: सुरक्षित इंटरनेट उपयोग पर केवी जतोग में एक दिवसीय कार्यशाला आयोजित
एनआईसी ने साइबर धोखाधड़ी से सावधान रहने के लिए छात्रों और अध्यापकों को किया जागरूक
शिमला: सुरक्षित इंटरनेट उपयोग, ऑनलाइन धोखाधड़ी और साइबर फ्रॉड के बारे में जागरूकता लाने और इस बारे में सतर्क रहते हुए साइबर सुरक्षा उपायों पर एक कार्यशाला का आयोजन आज पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय जतोग कैंटोनमेंट में किया गया। इस अवसर पर उपायुक्त कार्यालय शिमला से जिला सूचना विज्ञान अधिकारी एवं उपनिदेशक एनआईसी दीपक कुमार ने सुरक्षित इंटरनेट उपयोग पर महत्वपूर्ण जानकारी साझा की और लोगों से साइबर सुरक्षा के प्रति सतर्क रहने का आह्वान किया। उन्होंने बताया कि अजनबियों को ऑनलाइन जवाब न दें और ऑनलाइन धोखाधड़ी के प्रति सतर्क रहें। कार्यशाला के दौरान बताया गया कि ऑनलाइन धोखाधड़ी (साइबर फ्रॉड) होने पर सबसे पहले बिना समय गंवाए नेशनल साइबर क्राइम हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करें जोकि 24×7 चालू रहती है। यह हेल्पलाइन आपकी शिकायत दर्ज कर फ्रॉड की रकम को आगे ट्रांसफर होने से रोकने में मदद करती है। इसके बाद, जल्द से जल्द https://cybercrime.gov.in पर अपनी शिकायत दर्ज करें। अपने बैंक को कॉल करके अपना खाता, डेबिट/क्रेडिट कार्ड या यूपीआई को तुरंत ब्लॉक करवाएं। नजदीकी पुलिस स्टेशन या साइबर सेल में लिखित शिकायत दर्ज कराएं। इसके अतिरिक्त, धोखाधड़ी से जुड़े स्क्रीनशॉट, मैसेज, बैंक स्टेटमेंट, और कॉल रिकॉर्ड को सुरक्षित रखें। फ्रॉड के मामले में जितनी जल्दी (1-2 घंटे में) सूचना दी जाएगी, पैसे वापस मिलने की संभावना उतनी ही अधिक होगी। आपातकालीन स्थिति में या साइबर अपराधों के अलावा अन्य अपराधों की रिपोर्ट करने के लिए स्थानीय पुलिस से संपर्क करें। उन्होंने बताया कि ऐसी स्थिति में राष्ट्रीय पुलिस हेल्पलाइन नंबर 112 पर भी सम्पर्क किया जा सकता है। इस दौरान प्रधानाचार्य, पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय जतोग मोहित गुप्ता सहित अन्य अध्यापक व स्टाफ के सदस्य भी उपस्थित रहे।