मण्डी: जिला मण्डी की बरोट के समीप लचकन्डी के समीप एक ऑल्टो कार 250 मीटर गहरी खाई में जा गिरी, जिससे कार सवार पांच युवकों की मौत हो गई। हादसा शनिवार देर रात को हुआ। मृतकों में चार युवक राजेश कुमार पुत्र बुद्धि सिंह, कर्म सिंह पुत्र इंद्र सिंह, सागर पुत्र राज कुमार, गुलाब सिंह पुत्र सुंदर सिंह एक ही गांव धमच्यान के रहने वाले थे। पांचवां युवक गंगा राम पुत्र श्याम बजोट गांव का रहने वाला था।पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार गांव धमच्यान निवासी खेम सिंह की बेटी की शादी थी। शादी के बाद रस्म निभाने धमच्यान गांव के चार और बजोट गांव का एक युवक बहन को उसके ससुराल मुल्थान तहसील के लोहारड़ी छोड़ने गए थे। शनिवार रात को लोहारड़ी से लौटते वक्त डिवनू थानग के पास उनकी कार अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरी। हालांकि गाड़ी कितने बजे गिरी है, इसका अभी तक पता नहीं चल पाया है। रविवार सुबह लोगों ने खेतों में गाड़ी पड़ी देखी तो घटना का पता चला।
धमच्यान पंचायत के प्रधान कलि राम और उपप्रधान नरेश ने बताया कि उन्हें सुबह 10 बजे गांव के व्यक्ति प्रताप ने फोन कर बताया कि बरधान के पास गाड़ी खाई में गिरी हुई है। इसके बाद घटना की सूचना स्थानीय पुलिस चौकी टिकन को दी गई। इसके बाद टिकन चौकी प्रभारी नरेंद्र सिंह और पधर के पुलिस प्रभारी अशोक कुमार मौके पर पहुंचे और घटना का जायजा लिया। बताया जा रहा है कि युवकों के शव कार से छिटककर इधर-उधर पड़े थे। सूचना मिलने के बाद एसडीएम पधर सुरजीत भी मौके पर पहुंचे और घटना के बारे में जानकारी हासिल की। इसके बाद शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जोगिंद्रनगर अस्पताल भेजा गया।अभी तक हादसे के कारणों का पता नहीं चल पाया है।
मुख्यमंत्री ने सड़क दुर्घटना में पांच लोगों के निधन पर शोक व्यक्त किया
मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने जिला मंडी के बरोट के समीप लचकन्डी में गत रात्रि सड़क दुर्घटना में पांच लोगों के निधन पर शोक व्यक्त किया। ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदनाएं व्यक्त की। उन्होंने सड़क दुर्घटना के प्रभावितों को हर संभव सहायता प्रदान करने का आश्वासन दिया। जिला प्रशासन द्वारा मृतकों के परिजनों को फौरी राहत के रूप में 25-25 हजार रुपये प्रदान किए गए। मुख्यमंत्री ने ईश्वर से दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना की है।
दरंग सड़क हादसे पर जताया शोक
पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने जिला मंडी के बरोट के समीप लचकन्डी में गत रात्रि सड़क दुर्घटना में पांच लोगों के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त की। उन्होंने स्थानीय विधायक पूर्ण चंद ठाकुर को गांव जाकर परिजनों से मिलकर पीड़ित परिवारों की हरसंभव सहायता करने को कहा।