राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने असम के तेजपुर से फाइटर जेट में भरी उड़ान
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने असम के तेजपुर से फाइटर जेट में भरी उड़ान
नई दिल्ली: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने शनिवार को असम दौरे के दौरान तेजपुर वायुसेना अड्डे से सुखोई-30 एमकेआई लड़ाकू विमान में उड़ान भरी। ये किसी लड़ाकू विमान की उनकी पहली उड़ान थी। ये जानकारी अधिकारियों ने दी। उन्होंने बताया कि ग्रुप कैप्टन नवीन कुमार तिवारी ने राष्ट्रपति को सुखोई-30 एमकेआई में लेकर उड़ान भरी। इसके बाद जब वह वापस नीचे आई तो काफी खुश नजर आ रही थी।
मुर्मू ने 25 मिनट की अपनी उड़ान पूरी होने के बाद पत्रकारों से कहा कि ये पल मेरे लिए काफी अच्छा रहा है। राष्ट्रपति तीनों सशस्त्र बलों की सर्वोच्च कमांडर हैं। वह फिलहाल असम की तीन दिन की यात्रा पर हैं।
राष्ट्रपति ने विमान के सामने पायलट और अन्य अधिकारियों के साथ तस्वीरें भी खिंचवाईं। कॉकपिट में बैठने के बाद एक महिला अधिकारी ने उन्हें हेलमेट पहनने और अन्य तकनीकी आवश्यकताओं को पूरा करने में मदद की, जिसके बाद उन्होंने हाथ हिलाकर दोबारा अभिवादन किया।
विमान की 25 मिनट की यात्रा के बाद मुर्मू ने फिर से ग्रुप कैप्टन के साथ तस्वीर खिंचवाई और प्रतीक्षा कर रहे पत्रकारों की ओर आदे बढ़ी। राष्ट्रपति का मीडियाकर्मियों के साथ बातचीत का कोई कार्यक्रम नहीं था, लेकिन इतंजार कर रहे एक पत्रकार ने उनसे उड़ान के बारे में पूछा तो उन्होंने कहा, मुझे काफी अच्छा लगा। मुर्मू पूर्व राष्ट्रपति एपीजे अब्दुल कलाम और प्रतिभा पाटिल के बाद किसी लड़ाकू विमान में उड़ान भरने वाली तीसरी भारतीय राष्ट्रपति हैं। हालांकि, उनके पूर्ववर्तियों ने पुणे वायुसेना अड्डे से उड़ान भरी थी।