हिमाचल : कांग्रेस ने बाहरी राज्यों के लोगों की नियुक्तियों व बढ़ती बेरोजगारी के विरोध में किया धरना प्रदर्शन 

  • सरकार प्रदेश के बेरोजगारों के साथ बहुत बड़ा अन्याय कर रही : राठौर

  • सरकार से प्रदेश का हर वर्ग दुखी और आहत : विक्रमादित्य सिंह

शिमला : कांग्रेस ने आज प्रदेश भर में उपायुक्त कार्यालयों के समक्ष सरकारी नौकरियों में बाहरी राज्यों के लोगों की नियुक्तियों व बढ़ती बेरोजगारी के विरोध में धरना प्रदर्शन किया। शिमला जिला कांग्रेस कमेटी ग्रामीण व शहरी के संयुक्त तत्वाधान में धरना-प्रदर्शन आयोजित किया गया। इस धरने में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर व विधायक विक्रमादित्य सिंह ने विशेष तौर पर शिरकत की। 

शिमला में कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर ने अपने सम्बोधन में प्रदेश सरकार पर सरकारी नौकरियां बेचने का आरोप लगाते हुए कहा कि सरकार प्रदेश के बेरोजगारों के साथ बहुत बड़ा अन्याय कर रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस इस अन्याय को सहन नहीं करेगी। उन्होंने कहा कि पहले प्रदेश सचिवालय में बाहरी लोगों की नियुक्तियां की और अब राज्य विद्युत परिषद में 13 जूनियर इंजीनियर भर्ती कर दिए है। कांग्रेस इसके खिलाफ एक बड़ा जन आंदोलन शुरू करेगी।
राठौर ने कहा कि प्रदेश में बेरोज़गारी का आंकड़ा दिनों -दिन बढ़ता जा रहा है। उन्होंने कहा कि 15 लाख तो रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है।उन्होंने कहा कि सरकार के पास गैर पंजीकृत का कोई भी आंकड़ा उपलब्ध नहीं है कि प्रदेश में बेरोजगारी की वास्तविक स्थिति क्या है? उन्होंने कहा कि कोविड के चलते लाखों युवा बेरोजगार हुए हैं। इस विरोध प्रदर्शन में कांग्रेस उपाध्यक्ष केहर सिंह खाची, पूर्व विधायक आदर्श सूद, महिला कांग्रेस अध्यक्ष जैनब चंदेल, कांग्रेस सचिव हरिकृष्ण हिमराल, सुशांत कपरेट, वेद प्रकाश ठाकुर,यशपाल तनाईक, किरण धान्टा,जिला महिला अध्यक्ष विनीता वर्मा, ब्लॉक अध्यक्ष कवंर नरेंद्र सिंह, रामकृष्ण शांडिल, गोपाल शर्मा, सत्यजीत नेगी के अतिरिक्त पार्टी के कई अन्य पदाधिकारी, सेवादल, महिला कांग्रेस, युवा कांग्रेस, एनएसयूआई व जिला कांग्रेस कमेटी के अन्य पदाधिकारी मौजूद थे।

राठौर ने प्रदेश में बढ़ती महंगाई व बेरोज़गारी पर सरकार को कोसते हुए कहा कि सरकार ने अपने चार साल के इस शासनकाल में कुछ नहीं किया। उन्होंने कहा कि लोग भाजपा सरकार की नीतियों से तंग आ चुके हैं, इसलिए लोगों ने अब इसे सत्ता से बाहर करने का पूरा मन बना लिया है।
कांग्रेस विधायक विक्रमादित्य सिंह ने भी जयराम सरकार पर हमला करते हुए कहा कि डबल इंजन की सरकार का दावा करने वाली प्रदेश सरकार के चारों पहिये अलग-अलग दिशा की ओर दौड़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि आज इस सरकार से प्रदेश का हर वर्ग दुखी और आहत है।किसानों बागवानों सहित बेरोजगारों के साथ जो अन्याय इस सरकार ने किया है वह सब अब इसे सत्ता से बाहर का रास्ता दिखाएंगे। उन्होंने कहा कि सरकार ने बेरोजगारों के साथ बहुत बड़ा अन्याय किया है। उन्होंने कहा कि यह तो संघर्ष की शुरुआत है। इस संघर्ष को ओर तेज़ किया जाएगा।
शिमला जिला कांग्रेस कमेटी ग्रामीण के अध्यक्ष यशवंत सिंह छाजटा और शहरी अध्यक्ष जितेंद्र चौधरी ने भी इस विरोध प्रदर्शन को सम्बोधित करते हुए कहा कि कांग्रेस बेरोजगारों के साथ खड़ी है और उनके लिये न्याय की लड़ाई लड़ेगी।

सम्बंधित समाचार

अपने सुझाव दें

Your email address will not be published. Required fields are marked *