कांग्रेस जल्द करेगी अपने प्रत्याशियों के नामों की घोषणा : राठौर

  • कांग्रेस पूरी मजबूती के साथ जीतेगी चारों उपचुनाव

  • कहा, प्रदेश भाजपा सरकार की उल्टी गिनती शुरू

  • जल्द ही पार्टी आलाकमान से बातचीत के बाद कांग्रेस अपने प्रत्याशियों के नामों की करेगी घोषणा 

शिमला : प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर ने प्रदेश के चारों अर्की, जुब्बल-कोटखाई, फतेहपुर विधानसभा व मंडी संसदीय उपचुनाव की घोषणा का स्वागत करते हुए कहा है कि कांग्रेस पहले से ही इन उपचुनावों को करवाने की मांग आयोग से करती रही। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में भाजपा इन चुनावों को टालने का पूरा प्रयास करती रही और चुनाव आयोग पर कोरोना को लेकर इन्हें टालने का दबाव बनाती रही।
मीडिया के साथ अनौपचारिक बातचीत में राठौर ने दावा किया कि कांग्रेस पूरी मजबूती के साथ इन चारों उपचुनावों को जीतेगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश में बढ़ती महंगाई, बेरोज़गारी, बिगड़ती अर्थव्यवस्था ऐसे अनेक मुद्दे हैं जिनसे लोग परेशान हैं। उन्होंने कहा कि सरकारी नौकरियां बेची जा रही है। बेरोजगारों के साथ बहुत बड़ा धोखा हो रहा है। राठौर ने कहा कि जल्द ही पार्टी आलाकमान से बातचीत के बाद कांग्रेस अपने प्रत्याशियों के नामों की घोषणा कर देगी। उन्होंने कहा कि आज ही आयोग ने चुनाव कार्यक्रम घोषित किया है।
राठौर ने कहा कि प्रदेश भाजपा सरकार की उल्टी गिनती शुरू हो गई है। उन्होंने कहा कि चार उपचुनाव तो पहला सेमीफाइनल है जिसे कांग्रेस जीतेगी। उन्होंने कहा कि अगले साल 2022 में होने वाले विधानसभा चुनावों में भी कांग्रेस अपनी जीत का परचम लहराएगी और प्रदेश में कांग्रेस की लोकप्रिय सरकार बनेगी जो प्रदेश को भाजपा के अन्याय और भ्रष्टाचार से मुक्त करवाएगी।

सम्बंधित समाचार

अपने सुझाव दें

Your email address will not be published. Required fields are marked *