अयोग्य घोषित 6 विधायकों को भाजपा गडरिये की तरह हांक कर यहां से वहां ले जा रही – CM सुक्खू

मण्डी: मण्डी के ऐतिहासिक पड्डल मैदान से विश्व विख्यात अन्तरराष्ट्रीय शिवरात्रि महोत्सव का विधिवत मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने आज शुभारंभ किया। पड्डल में  जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कांग्रेस के अयोग्य घोषित 6 विधायकों का जिक्र करते हुए कहा कि भाजपा गडरिये की तरह उन्हें हांक कर यहां से वहां ले जा रही है। उन्होंने सवाल किया कि आखिर क्या वजह है कि पंचकूला के पांच सितारा होटल में आराम के बाद अब उन लोगों को भाजपा चार्टेड प्लेन से देहरादून ले गई और वहां ऋषिकेश में एक सात सितारा होटल में रखा है। उन लोगों ने अंतरात्मा की नहीं बल्कि धन-आत्मा की पुकार सुनी और पार्टी तथा जनता को धोखा दिया।

उन्होंने कहा कि वह एक आम परिवार से निकल कर जनता के हकों के लिए संघर्ष करते हुए मुख्यमंत्री के पद तक पहुंचे हैं। उनकी कुर्सी किसान के बेटे, कर्मचारी के बेटे की है। यह आम जनता की कुर्सी है और साजिश के साथ इसे छीनने की कोशिश करने वालों को जनता सबक सिखाएगी।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार पूरी मजबूती से जनता के लिए काम कर रही है। यह सरकार 5 साल चलेगी। उन्होंने कहा कि हमारी लड़ाई लोकतंत्र के लिए है। भाजपा द्वारा लोकतंत्र को कमजोर करने के मंसूबे सफल नहीं होंगे।

इस अवसर पर मुख्य संसदीय सचिव सुंदर सिंह ठाकुर, विधायक चंद्रशेखर, अनिल शर्मा, भुवनेश्वर गौड़, सुरेश कुमार, कांगड़ा केन्द्रीय सहकारी बैंक के अध्यक्ष कुलदीप पठानिया, एपीएमसी अध्यक्ष संजीव गुलेरिया, महापौर वीरेन्द्र भट्ट, पूर्व मंत्री कौल सिंह ठाकुर, पूर्व संसदीय सचिव सोहन लाल ठाकुर, कांग्रेस नेता चंपा ठाकुर, पवन ठाकुर, जीवन ठाकुर, पुलिस अधीक्षक साक्षी वर्मा, सर्व देवता समिति के अध्यक्ष शिवपाल शर्मा सहित मेला समिति के सभी पदाधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित थे।

सम्बंधित समाचार

Comments are closed