जिला स्तरीय समीक्षा एवं बैंक सलाहकार समिति की बैठक में उपायुक्त ने दिए निर्देश
हमीरपुर: जिला स्तरीय समीक्षा एवं बैंक सलाहकार समिति की बैठक वीरवार को यहां हमीर भवन में उपायुक्त गंधर्वा राठौड़ की अध्यक्षता में आयोजित की गई। इस बैठक में चालू वित्त वर्ष की दूसरी तिमाही तक की उपलब्धियों एवं निर्धारित लक्ष्यों की समीक्षा की गई।
इस अवसर पर उपायुक्त ने सभी बैंक अधिकारियों से कहा कि वे आम लोगों को अधिक से अधिक ऋण आवंटित करें और सरकार की विभिन्न सब्सिडी योजनाओं के लाभार्थियों को ऋण आवंटन में देरी न करें। प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी योजना डॉ. वाईएस परमार शिक्षा ऋण योजना से अधिक से अधिक युवाओं को लाभान्वित करने के लिए उच्च शिक्षण संस्थानों में विशेष जागरुकता शिविर लगाएं और अन्य माध्यमों से भी इस योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार करें। उन्होंने कहा कि इस योजना के तहत मात्र एक प्रतिशत ब्याज दर पर ऋण प्राप्त करने के लिए अब अधिकतम वार्षिक आय की सीमा बढ़ाकर अब 12 लाख रुपये कर दी गई है।
उन्होंने बताया कि 30 सितंबर को इस वित्त वर्ष की दूसरी तिमाही की समाप्ति तक जिला में सभी बैंकों की कुल जमा राशि 18,813.8 करोड़ रुपये रही। जबकि, ऋण आवंटन की राशि 4585.20 करोड़ रुपये रही। जिला का ऋण-जमा अनुपात यानि सीडी रेशो 24.37 प्रतिशत रही। सभी बैंक अधिकारी इस वित्त वर्ष की समाप्ति तक सीडी रेशो को 30 प्रतिशत तक पहुंचाने की दिशा में कार्य करें।
उपायुक्त ने कहा कि जिला में 48,250 किसान क्रेडिट कार्ड धारकों में से 34,149 को रूपे कार्ड जारी किए जा चुके हैं। संबंधित बैंक शेष बचे केसीसी धारकों को भी रूपे कार्ड प्रदान करें। एनआरएलएम के अंतर्गत जिला के 590 स्वयं सहायता समूहों को 8.87 करोड़ रुपये से अधिक ऋण दिए जा चुके हैं।
बैठक में पीएम स्वनिधि, पीएमईजीपी, मुद्रा ऋण और एससीएसटी निगम से संबंधित योजनाओं, जिले के दूरदराज क्षेत्रों में बैंक की शाखाएं एवं एटीएम खोलने, स्वास्थ्य बीमा योजना, जीवन ज्योति योजना, अटल पेंशन और सामाजिक सुरक्षा से संबंधित अन्य योजनाओं की समीक्षा भी की गई।
इस अवसर पर अग्रणी जिला प्रबंधक धर्मेंद्र स्याल ने विभिन्न योजनाओं का विस्तृत ब्यौरा प्रस्तुत किया। भारतीय रिजर्व बैंक के शिमला कार्यालय के एलबीओ राहुल जोशी ने बैंक के विभिन्न दिशा-निर्देशों से अवगत करवाया। पीएनबी आरसेटी के निदेशक अजय कतना संस्थान की उपलब्धियों की जानकारी दी। उपायुक्त ने कहा कि आरसेटी के प्रशिक्षण कार्यक्रमों का लाभ अधिक से अधिक युवाओं तक पहुंचाने के लिए विभिन्न विभागों के साथ समन्वय स्थापित किया जाना चाहिए। बैठक में जिला परिषद अध्यक्ष अनीता शर्मा, एडीसी अभिषेक गर्ग और अन्य अधिकारी भी उपस्थित थे।