शिमला: भारत की कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) शिमला जिला कमेटी ने राष्ट्रीय आह्वान के तहत संविधान दिवस के मौके पर संवैधानिक मूल्यों की रक्षा के लिए व मोदी सरकार द्वारा संवैधानिक अधिकारों पर किए जा रहे हमलों के खिलाफ शिमला के उपायुक्त कार्यालय के बाहर जोरदार प्रदर्शन किया।
इस दौरान हुई जनसभा को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि भारतीय संविधान व लोकतंत्र पर हो रहे हमलों की पृष्ठभूमि में वर्तमान में भारतीय संविधान की रक्षा, लोकतंत्र को मजबूत करने, धर्मनिरपेक्षता, सामाजिक न्याय तथा नागरिकों के मौलिक अधिकारों की हिफाजत करना बेहद आवश्यक हो गया है। उन्होंने कहा कि हमारी पार्टी के लिए संविधान दिवस केवल औपचारिक उत्सव नहीं, बल्कि संविधान में निहित लोकतांत्रिक और सामाजिक परिवर्तन के मूल्यों को लागू करने के संघर्ष का अवसर है। पार्टी के लिए संविधान के प्रमुख मूल्यों की रक्षा, लोकतंत्र और संसदीय संस्थाओं की स्वतंत्रता, धर्मनिरपेक्षता और धार्मिक सद्भाव, सामाजिक, आर्थिक और राजनीतिक न्याय, अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता तथा नागरिकों के मौलिक अधिकार, दलितों, आदिवासियों, महिलाओं, अल्पसंख्यकों और मेहनतकश वर्गों के अधिकार, संघीय व्यवस्था और राज्यों के संवैधानिक अधिकार सुनिश्चित करना बुनियादी लक्ष्य है। इन सभी पर केंद्र की मोदी सरकार हमला कर रही है। देश के राजनीतिक आर्थिक, सामाजिक व सांस्कृतिक मूल्यों का केन्द्रीकरण कर रही है। इस मुहिम में राज्यों के अधिकारों पर हमला करके संघवाद की बुनियाद को कमजोर किया जा रहा है। एसआईआर के जरिए मेहनतकश जनता, दलितों, पिछड़ों, वंचितों, आदिवासियों, महिलाओं व गरीबों के वोट काटे जा रहे हैं। यह लोकतंत्र पर सीधा हमला है। चुनाव आयोग पूरी तरह मोदी सरकार की गोद में बैठ गया है। चुनाव आयोग की स्वतंत्र व स्वायत भूमिका कटघरे में है। सरेआम वोट चोरी हो रही है। चुनावों में धांधलियां की जा रही हैं। देश की लोकतांत्रिक प्रणाली को छिन्नभिन्न किया जा रहा है। देश में बहुराष्ट्रीय कंपनियां व आरएसएस भाजपा के नेतृत्व में सांप्रदायिक शक्तियां दोनों मिलकर देश के धर्मनिरपेक्ष ढांचे को तबाह कर रहे हैं जिससे देश की एकता अखंडता को भारी खतरा पैदा हो रहा है। मोदी सरकार के आशीर्वाद से देश के पूंजीपति देश के आर्थिक व प्राकृतिक संसाधनों की खुली लूट कर रहे हैं। अमीरी गरीबी में खाई गहरी हो रही है। महंगाई आसमान छू रही है। बेरोजगारी लगातार बढ़ रही है। शिक्षा आम आदमी की पहुंच से दूर हो रही है। दलितों पिछड़ों वंचितों आदिवासियों व महिलाओं का शोषण लगातार बढ़ रहा है। इसके खिलाफ निर्णायक संघर्ष का वक्त आ गया है।
प्रदर्शन में पार्टी राज्य सचिव संजय चौहान, जिला सचिव विजेंद्र मेहरा, फाल्मा चौहान, महेश वर्मा, अमित कुमार, बालक राम, राम सिंह, रंजना जरेट, सुनिधि ठाकुर, विवेक कश्यप, रंजीव कुठियाला, सोनिया सबरवाल, रमा रावत, सन्नी सिकटा, प्रताप चौहान, कपिल नेगी, दलीप सिंह, सुनील वशिष्ठ, पूर्ण चंद, श्याम, मुकेश, उपेंद्र, आशीष, विवेक नेहरा, पवन कुमार, विवेक बिरसाँटा, अंशुल, प्रवेश, तिलक, कृतिका, पूजा, निशा, उमा, चंपा सहित अन्य लोगों ने भाग लिया। इस दौरान भारतीय संविधान की रक्षा की शपथ ली गई। इसके साथ ही एसआईआर की प्रतियां जलाकर चुनाव आयोग की पक्षपातपूर्ण भूमिका तथा भारतीय संविधान एवं लोकतंत्र पर हो रहे हमलों का कड़ा विरोध किया गया।