लाहौल स्पीति में पिकअप दुर्घटनाग्रस्त होने से पति-पत्नी की मौत, एक घायल

कुल्लू: लाहौल उपमंडल के तांदी-प्यूकर संपर्क मार्ग पर पेट्रोल पंप के समीप गुरुवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में पति-पत्नी की मौत हो गई, जबकि एक अन्य व्यक्ति घायल हो गया। हादसा शाम करीब 4 बजे उस समय हुआ, जब एक पिकअप वाहन अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे नाले में जा गिरा। जिला आपातकालीन संचालन केंद्र लाहौल-स्पीति तथा अग्निशमन उपकेंद्र केलांग से मिली जानकारी के अनुसार पिकअप वाहन (एचपी-42-3830) गोजंग गांव से तांदी की ओर जा रहा था। इसी दौरान मार्ग पर नाले में पानी जमा होने के कारण चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा और पिकअप सड़क से फिसलकर नाले में जा गिरी। हादसे के समय वाहन में दो पुरुष और एक महिला सहित कुल तीन लोग सवार थे। दुर्घटना में एक पुरुष और महिला की मौके पर ही मौत हो गई जबकि तीसरा व्यक्ति घायल हो गया। घायल को इलाज के लिए क्षेत्रीय अस्पताल केलंग ले जाया गया। केलंग अस्पताल की मेडिकल ऑफिसर इंचार्ज डॉ. सुषमा स्वांगला ने बताया कि सक्षम का इलाज चल रहा है, उनकी हालत खतरे से बाहर है।

डीएसपी क्षमादत शर्मा ने बताया कि मृतकों की पहचान अजय और उनकी पत्नी अंजलि, निवासी कटराई, जिला कुल्लू के रूप में हुई है। घायल व्यक्ति की पहचान सक्षम के रूप में हुई है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।

सम्बंधित समाचार

Comments are closed