मण्डी: उपायुक्त मंडी के निर्देशों तथा प्रदेश सरकार द्वारा अधिसूचित हिमाचल प्रदेश निजी कोचिंग केंद्र (पंजीकरण एवं विनियमन) नियम, 2026 के तहत जिले में संचालित सभी निजी कोचिंग केंद्रों को निर्धारित अवधि के भीतर अपना पंजीकरण करवाना अनिवार्य होगा।
उप निदेशक उच्च शिक्षा (माध्यमिक), मंडी यशवीर कुमार ने आज यहां बताया कि शिक्षा सचिव की ओर से हिमाचल प्रदेश कोचिंग सेंटर (पंजीकरण एवं विनियमन) प्राधिकरण तथा जिला स्तर पर गठित समिति को नियमों के प्रभावी क्रियान्वयन की जिम्मेदारी सौंपी गई है। जिला समिति निजी कोचिंग केंद्रों के पंजीकरण, पंजीकरण प्रमाण पत्र के नवीनीकरण एवं नवीनीकरण से संबंधित अन्य मामलों का निपटारा करेगी।
उन्होंने बताया कि वर्तमान में संचालित सभी निजी कोचिंग केंद्रों को इस बारे में पत्र के जारी होने की तिथि से तीन माह के भीतर नियम 7 एवं 8 के अनुसार प्रपत्र-ए पर पंजीकरण के लिए आवेदन करना होगा। आवेदन के साथ निर्धारित पंजीकरण शुल्क जमा करना अनिवार्य होगा। पंजीकरण की वैधता अवधि तीन वर्ष होगी, जो नियमों के अनुसार निरस्त अथवा रद्द किए जाने तक प्रभावी रहेगी। यदि किसी कोचिंग संस्थान की एक से अधिक शाखाएं हैं, तो प्रत्येक शाखा को पृथक कोचिंग केंद्र माना जाएगा तथा प्रत्येक शाखा के लिए अलग पंजीकरण आवश्यक होगा। पंजीकृत कोचिंग केंद्रों को पंजीकरण अवधि समाप्त होने से पूर्व प्रपत्र-सी में नवीनीकरण के लिए आवेदन करना होगा तथा निर्धारित नवीनीकरण शुल्क जमा करना होगा।













