बिलासपुर: राजेश धर्माणी ने डाइट जुखाला में 1.22 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित विज्ञान खंड का किया लोकार्पण

कहा….शिक्षा व्यवस्था में सुधार के लिए विद्यार्थी केंद्रित दृष्टिकोण अपनाना आवश्यक

डाइट जुखाला के वार्षिक समारोह में बतौर मुख्यातिथि बोले तकनीकी शिक्षा मंत्री
जुखाला (बिलासपुर): नगर व ग्राम नियोजन, आवास, तकनीकी शिक्षा, व्यावसायिक और औद्योगिक प्रशिक्षण मंत्री राजेश धर्माणी ने आज जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डाइट), बिलासपुर स्थित जुखाला में लगभग 1.22 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित एपीजे अब्दुल कलाम विज्ञान भवन का लोकार्पण किया। इस नवनिर्मित विज्ञान खंड में विभिन्न शैक्षणिक एवं संस्थागत आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए सुविधाएं विकसित की गई हैं। यह भवन संस्थान की शैक्षणिक एवं प्रशिक्षण संबंधी आवश्यकताओं को पूरा करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। इसके उपरांत उन्होंने संस्थान के वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह में बतौर मुख्यातिथि शिरकत की।
इस अवसर पर राजेश धर्माणी ने कहा कि शिक्षा व्यवस्था को प्रभावी, गुणवत्तापूर्ण और उद्देश्यपरक बनाने के लिए विद्यार्थी केंद्रित दृष्टिकोण अपनाना बेहद आवश्यक है। शिक्षा व्यवस्था से जुड़े प्रत्येक निर्णय और कार्य का केंद्र बिंदु विद्यार्थी होना चाहिए तथा यह सुनिश्चित किया जाना चाहिए कि उससे बच्चों के भविष्य पर सकारात्मक प्रभाव पड़े। उन्होंने कहा कि व्यक्तिगत हितों और सुविधाओं को विद्यार्थियों के हितों से ऊपर रखने की प्रवृत्ति शिक्षा व्यवस्था के उद्देश्यों को कमजोर करती है। शिक्षकों की नियुक्ति और विषय विशेषज्ञता के मामले में किसी प्रकार का समझौता नहीं होना चाहिए, जिसका प्रभाव विद्यार्थियों की शिक्षा और भविष्य पर पड़ता है।
तकनीकी शिक्षा मंत्री ने कहा कि जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण डाइट जैसे संस्थान शिक्षा व्यवस्था की रीढ़ हैं। यहां से प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले प्रशिक्षु भविष्य में विद्यार्थियों को शिक्षित करेंगे। ऐसे में इन भावी शिक्षकों को गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण, विषय विशेषज्ञता और बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध करवाना आवश्यक है। प्रशिक्षित शिक्षकों की गुणवत्ता का सीधा प्रभाव आने वाली पीढ़ियों की शिक्षा पर पड़ता है। उन्होंने कहा कि डाइट का दायित्व केवल भावी शिक्षकों को प्रशिक्षण देना ही नहीं, बल्कि कार्यरत शिक्षकों के कौशल विकास और शैक्षणिक गुणवत्ता में सुधार लाना भी है।
श्री धर्माणी ने संविधान दिवस के संदर्भ में कहा कि संविधान प्रत्येक नागरिक को समान अधिकार, न्याय, समान अवसर और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता प्रदान करता है। बच्चों के अधिकार भी उतने ही महत्वपूर्ण हैं जितने वयस्क नागरिकों के हैं, लेकिन बच्चे स्वयं अपने अधिकारों के लिए आवाज उठाने की स्थिति में नहीं होते। ऐसे में समाज और व्यवस्था की जिम्मेदारी है कि उन्हें संविधान की भावना के अनुरूप सभी आवश्यक सुविधाएं और अवसर उपलब्ध करवाए जाएं। उन्होंने संविधान की मूल भावना को केवल शब्दों तक सीमित रखने के बजाय उसे व्यवहार में लागू करना आवश्यकता पर बल दिया।
उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में प्रत्येक नागरिक को समान अधिकार प्राप्त है, लेकिन सरकारी संसाधनों के आवंटन और न्याय की उपलब्धता में आज भी असमानताएं देखने को मिलती हैं। उन्होंने संविधान के आदर्शों को वास्तविकता में बदलने के लिए समाज के प्रत्येक वर्ग में वैचारिक और व्यवहारिक परिवर्तन लाने की आवश्यकता पर जोर दिया।
उन्होंने कहा कि शिक्षा ही वह सशक्त माध्यम है, जिसके जरिए विकसित भारत के संकल्प को साकार किया जा सकता है। केवल नारे और लक्ष्य निर्धारित करने से देश का विकास संभव नहीं है, बल्कि प्रत्येक नागरिक को उस दिशा में सक्षम और जिम्मेदार बनना होगा। उन्होंने कहा कि पिछले कुछ दशकों में देश ने संचार, तकनीक और जीवनशैली के क्षेत्र में अभूतपूर्व बदलाव देखे हैं। ऐसे में शिक्षा व्यवस्था को भी समय की आवश्यकताओं के अनुरूप निरंतर विकसित करने की जरूरत पर जोर दिया।
उन्होंने शैक्षणिक, खेलकूद एवं अन्य गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कृत किया।
इससे पहले उन्होंने संस्थान में उपलब्ध रोबोटिक्स व ड्रोन लैब, कंप्यूटर लैब, पुस्तकालय कक्ष, एपीजे अब्दुल कलाम विज्ञान केंद्र सहित अन्य शैक्षणिक सुविधाओं का भी निरीक्षण किया।
जिला परियोजना निदेशक एवं उपनिदेशक क्वालिटी स्कूल शिक्षा निशा गुप्ता ने मुख्यातिथि का स्वागत किया तथा संस्थान की वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत की।
इस अवसर पर संस्थान के विद्यार्थियों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया।

इस अवसर पर पूर्व विधायक तिलक राज शर्मा, हिमुडा निदेशक जितेंद्र चंदेल, महासचिव प्रदेश कांग्रेस कमेटी विकास ठाकुर, उप निदेशक उच्च शिक्षा स्कूल नरेश चंदेल, उप निदेशक प्रारंभिक शिक्षा अरुण गौतम, उप निदेशक क्वालिटी स्कूल शिक्षा निशा गुप्ता, प्रधानाचार्य डाइट राकेश मनकोटिया, विभिन्न पंचायती राज संस्थाओं के प्रतिनिधियों सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, संस्थान का स्टाफ तथा विद्यार्थी गण मौजूद रहे।

सम्बंधित समाचार

Comments are closed