शिमला : सभी जिलों,ब्लॉकों व बूथ स्तर तक होगा वोट बचाओ देश बचाओ चौपाल का आयोजन
शिमला : सभी जिलों,ब्लॉकों व बूथ स्तर तक होगा वोट बचाओ देश बचाओ चौपाल का आयोजन
शिमला : वोट चोरी के खिलाफ अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी द्वारा निर्देशित विरोध प्रदर्शन के तहत प्रदेश में 25 अक्टूबर से 25 नवम्बर तक सभी जिलों,ब्लॉकों व बूथ स्तर तक वोट बचाओ देश बचाओ चौपाल का आयोजन किया जाएगा। इसके लिए पार्टी के जिला प्रभारियों को प्रदेश कांग्रेस कमेटी की ओर से विशेष हिदायतें जारी की गई है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार ने बताया है कि 25 अक्टूबर से 25 नवम्बर तक देशभर में चरण तीन के तहत वोट बचाओ,देश बचाओ चौपाल का आयोजन किया जाएगा। इसके तहत प्रदेश के सभी जिला मुख्यालयों में 25 अक्टूबर को पीसीसी नेताओं डीसीसी अध्यक्षों की वोट चोरी के खिलाफ सयुंक्त प्रेस वार्ताओं का आयोजन किया जाएगा। इसके पश्चात ब्लॉकों के अध्यक्ष एवं जिला अध्यक्षों के साथ जिला स्तरीय बैठके करेंगे।अगले दिन बूथ लेवल एजेंट्स के साथ ब्लॉक स्तरीय बैठके होगी। 4 नवम्बर से 10 नवम्बर के बीच बीएलए और स्थानीय कार्यकर्ता वोट रक्षक के तौर पर प्रत्येक बूथ पर मतदाता सत्यापन अभियान चलाएगी,इसके तहत उन सब नागरिकों का पता लगाया जाएगा जिनके नाम मनमाने ढंग या हेराफेरी से मतदाता सूचियों से हटा दिए गए हैं। सभी बीएलओ को सत्यापित और हस्ताक्षरित विलोपन रिकॉर्ड व मतदाता डोजियर अपने सम्बंधित ब्लॉक पार्टी कार्यलयों में औपचारिक तौर पर जमा करवाने होंगे। विनय कुमार ने बताया कि 12 से 30 नवम्बर तक प्रदेश के सभी गांवों में सुलभ प्रारूप में बैठके आयोजित की जाएगी। इन बैठकों में उनके मताधिकार की पूरी जानकारी के साथ उनके अधिकारों की जानकारी दी जाएगी। इसमें उन्हें भाजपा द्वारा वोट चोरी के बारे विस्तार पूर्वक जानकारी दी जाएगी। ———————- विनय कुमार ने बताया है कि 1 नवम्बर को दिल्ली के रामलीला मैदान में भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस द्वारा इंडिया गठबंधन की एक मेगा राष्ट्रीय रैली का आयोजन होगा। इसमें संस्थागत कब्जे के खिलाफ राष्ट्र की एकजुट आवाज को दर्ज करने के लिये देशभर से लोगों की व्यापक भागीदारी के साथ साथ पार्टी के सभी नेताओं की भागीदारी सुनिश्चित की गई है। विनय कुमार ने बताया कि संविधान दिवस के अवसर पर अखिल भारतीय कांग्रेस ने दिल्ली चलो के आह्वान पर छह प्रमुख प्रवेश मार्गों , सहारनपुर,जयपुर,अलीगढ़, मेरठ,देहरादून, चंडीगढ़ व ग्वालियर से 25 व 26 नवम्बर को सभी राज्य की यात्राएं राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली पहुंचेगी।