शिमला: आंखों में मिर्च डालने वाला ठग चढ़ा पुलिस के हत्थे
शिमला: आंखों में मिर्च डालने वाला ठग चढ़ा पुलिस के हत्थे
कुमारसैन: जिला शिमला पुलिस द्वारा महिलाओं को निशाना बनाकर उनकी आंखों में मिर्च पाउडर डालकर आभूषण छीनने की तीन वारदातों को सुलझाते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। कुमारसैन थाने में इस संबंध में तीन अलग-अलग मामले दर्ज थे। 31 अगस्त को जुब्बड़ के पास सीमा देवी की आंखों में मिर्च पाउडर डालकर उनके दोनों कानों की बालियां झपट ली गई थीं। इसके बाद 14 सितंबर को कण्डयाली के पास सुनो देवी को इसी तरीके से निशाना बनाया गया और उनकी सोने की बालियां छीन ली गईं। वहीं, 26 सितंबर को एक ढाबे में अकेली कनकु की आंखों में मिर्च पाउडर डालकर आरोपी उसका मंगलसूत्र छीनकर फरार हो गया था।
अन्वेषण के दौरान तीनों मामलों में आरोपी के modus operandi में स्पष्ट समानता सामने आई है। जांच से यह तथ्य सामने आया कि आरोपी द्वारा वारदातों को योजनाबद्ध एवं सुनियोजित तरीके से अंजाम दिया गया। आरोपी ने वारदात से कई दिन पूर्व घटनास्थल एवं आसपास के क्षेत्र की रेकी की तथा पीड़ित महिलाओं की आवाजाही और उनके आवागमन के मार्ग का जायजा लिया। इसके बाद वह ऐसे समय और स्थान का इंतजार करता था, जब पीड़ित महिला सुनसान एवं अपेक्षाकृत एकांत पगडंडी पर अकेली हो। उपयुक्त अवसर मिलते ही आरोपी द्वारा महिला की आंखों में मिर्च पाउडर डालकर उसे असहाय किया जाता था और उसके पहने हुए सोने के आभूषण छीनकर मौके से फरार हो जाता था। तीनों वारदातों में अपनाई गई इस समान कार्यप्रणाली से आरोपी द्वारा वारदातों की पूर्व-योजना एवं सुनियोजित तरीके से उनके निष्पादन की पुष्टि होती है।
आरोपी द्वारा अपनी पहचान एवं गतिविधियों को छिपाने तथा पुलिस की पकड़ से बचने के लिए लगातार सावधानी बरती जाती थी। वह सीसीटीवी कैमरों की निगरानी से बचते हुए सुनसान एवं एकांत स्थानों का चयन कर वारदातों को अंजाम देता था। इसके बावजूद जिला शिमला पुलिस द्वारा तकनीकी एवं मानवीय साक्ष्यों के आधार पर लगातार किए गए प्रयासों और गहन जांच के परिणामस्वरूप आरोपी की पहचान स्थापित कर उसे गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की गई।
कुमारसैन पुलिस द्वारा तीनों वारदातों को आपस में जोड़ते हुए घटनाओं के समान तरीके का विश्लेषण, तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण किया गया। तकनीकी इनपुट तथा ह्यूमन इंटेलिजेंस के आधार पर आरोपी की पहचान जेल सिंह पुत्र श्री करण सिंह, निवासी जिला डोडा, जम्मू-कश्मीर, उम्र 26 वर्ष ले रूप में की गई। आरोपी की लोकेशन नूरपुर की होनी पाई गई। जिसपर नूरपुर पुलिस के साथ समन्वय स्थापित कर आरोपी जेल सिंह को दिनांक 05.10.2026 को हिरासत में लिया गया तथा उसे पुलिस थाना कुमारसैन लाया गया। इसके पश्चात तीनों मामलों की पीड़िताओं/शिकायतकर्ताओं द्वारा आरोपी की पहचान की गई।
आरोपी का पूर्व आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। उसके विरुद्ध थाना सिहुंता, जिला चम्बा में FIR No. 16/2026 दिनांक 05.03.2026, धारा 304(2) BNS के तहत स्नैचिंग की वारदात के संबंध में अभियोग दर्ज है।
पुलिस की त्वरित एवं समन्वित कार्रवाई से तीन अलग-अलग घटनाओं में शामिल संदिग्ध आरोपी तक पहुंचने में सफलता मिली है। आरोपी को न्यायालय में पेश किया जाएगा। मामले में जांच जारी है।