सीएम के रोहड़ू दौरे पर पूर्व सीएम वीरभद्र सिंह की अनदेखी करना दुर्भाग्यपूर्ण – प्रतिभा सिंह
सीएम के रोहड़ू दौरे पर पूर्व सीएम वीरभद्र सिंह की अनदेखी करना दुर्भाग्यपूर्ण – प्रतिभा सिंह
शिमला: मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू के रोहड़ू दौरे के दौरान पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह की अनदेखी पर पूर्व कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष, पूर्व सांसद एवं वीरभद्र सिंह की प्रतिभा सिंह ने नाराजगी जताई है। पत्नी प्रतिभा सिंह ने रोहड़ू में मंगलवार को पत्रकार वार्ता के दौरान मुख्यमंत्री के कार्यक्रमों में पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह को उचित सम्मान नहीं मिलने पर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि इसे गुटबाजी कहना उचित नहीं होगा, लेकिन यह बात सभी को बुरी लगी कि रोहड़ू में हुए कार्यक्रमों में राजा साहब का चेहरा तक देखने को नहीं मिला। कम से कम पोस्टर और बैनर तो लगाए जा सकते थे। प्रतिभा सिंह ने कहा कि वीरभद्र सिंह ने रोहड़ू और पूरे हिमाचल के लिए बहुत काम किया है। ऐसे में उनके सम्मान में कार्यक्रम स्थल पर कुछ पोस्टर और बैनर लगाए जाने चाहिए थे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के अपने कार्यकर्ता भी आगे आकर राजा साहब के सम्मान में 20 पोस्टर और 20 बैनर लगा सकते थे। इससे लोगों को खुशी होती और यह संदेश जाता कि पार्टी अपने वरिष्ठ नेताओं और उनके योगदान को याद रखती है। उन्होंने कहा कि इतनी दूरदर्शिता तो होनी चाहिए कि पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के योगदान को सम्मान के साथ याद रखा जाए। प्रतिभा सिंह ने कहा कि वीरभद्र सिंह को रोहड़ू से गए अभी चार-साढ़े चार वर्ष ही हुए हैं और इतनी जल्दी उनका चेहरा तथा उनके योगदान को भुला देना दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने अपने अनुभव का जिक्र करते हुए कहा कि जब भी वह नाहन और सिरमौर क्षेत्र में जाती हैं तो प्रदेश के प्रथम मुख्यमंत्री डॉ. यशवंत सिंह परमार को याद करना नहीं भूलतीं। इसी तरह उन्होंने कहा कि वीरभद्र सिंह ने भी हिमाचल प्रदेश के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया और उन्हें याद किया जाना चाहिए।