लाहौल स्पीति: उपायुक्त ज़िला लाहौल स्पीति किरण भड़ाना ने आज राज्य स्तरीय तीन दिवसीय लादरचा मेले का विधिवत समापन किया। इस अवसर उन्होंने कहा कि हमारी प्राचीन संस्कृति, परंपराओं तथा रीति-रिवाज के संरक्षण एवं संवर्धन में मेले एवं त्यौहारों का विशेष महत्व हैं और प्राचीन परंपराओं को कायम रखना हम सब की जिम्मेदारी है।उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश प्रसिद्ध है अपनी समृद्ध संस्कृति के लिए और इसी समृद्ध संस्कृति का प्रतीक है, राज्य में मनाए जाने वाले त्यौहार एवं मेले।
उन्होंने मेले के सफल आयोजन के लिए लादरचा मेला समिति एवं स्थानीय लोगों को बधाई देते हुए कहा कि स्पीति के लादरचा मेले का अपना एक अलग महत्व है। इस मेले में न केवल स्पीति क्षेत्र के लोग बल्कि पूरे ज़िले सहित अन्य जिलों एवं राज्यों के लोगों के साथ-साथ पर्यटक भी इस मेले का आनंद उठाने आते हैं।
इस अवसर पर उपायुक्त ने मेला समिति के सदस्यों एवं विभिन्न विभागों के अधिकारियों को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया। उन्होंने मेले के दौरान आयोजित विभिन्न खेलकूद प्रतियोगिताओं के विजेता व उपविजेता टीमों को भी पुरस्कार वितरित किए।
राज्य स्तरीय लादरचा मेले के उपलक्ष्य पर रेडक्रॉस सोसाइटी द्वारा आयोजित रेफल ड्रॉ में मुख्य अतिथि उपायुक्त किरण भड़ाना, अतिरिक्त उपायुक्त शिखा सिमटिया व बच्चों ने मेले में उपस्थित टिकट क्रेताओं एवं लोगों की उपस्थिति में ड्रॉ निकाला और ड्रॉ विजेताओं को ईनाम भी दिए।
इससे पूर्व, अध्यक्ष लादरचा मेला कमेटी एवं अतिरिक्त उपायुक्त स्पीति शिखा सिमटिया ने मुख्य अतिथि का स्वागत किया और उन्हें शॉल, टोपी, स्मृति चिन्ह व थंका भेंट कर सम्मानित किया। उन्होंने मेले के समापन समारोह की अध्यक्षता करने के लिए उपायुक्त किरण भड़ाना का आभार व्यक्त किया और मेले के दौरान आयोजित की गई विभिन्न गतिविधियों की जानकारी भी दी। अंतिम सांस्कृतिक संध्या में जहां स्थानीय कलाकारों व स्पीति के महिला मंडलों द्वारा अपनी पारंपरिक वेशभूषा में नृत्य प्रस्तुत कर लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया वहीं हिमाचल व अन्य राज्यों के सुप्रसिद्ध लोक कलाकारों ने दर्शकों को पहाड़ी, हिन्दी, फिल्मी व हिमाचली गानों की बेहतरीन प्रस्तुतियों से दर्शकों का खूब मनोरंजन किया।