शिमला के दो निजी स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी; बच्चों को भेजा गया घर..
शिमला के दो निजी स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी; बच्चों को भेजा गया घर..
हिमाचल: हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला में शुक्रवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब शहर के दो नामी निजी स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी भरा ई-मेल प्राप्त हुआ। यह ई-मेल कालीबाड़ी स्थित दयानंद स्कूल और न्यू शिमला स्थित डीएवी (DAV) स्कूल को भेजी गई थी। जैसे ही इस धमकी की सूचना स्कूल प्रशासन को मिली, परिसर में हड़कंप मच गया। मामले की सूचना पुलिस को दी गई, जिसके बाद पुलिस टीम और बम निरोधक दस्ता दोनों स्कूल परिसरों में पहुंचा और गहन तलाशी अभियान चलाया। मामले की गंभीरता को देखते हुए सुरक्षा के लिहाज से तुरंत प्रभाव से छात्रों की छुट्टी कर दी गई। स्कूलों में अचानक छुट्टी होने की सूचना मिलने के बाद अभिभावकों में भी चिंता का माहौल बन गया। कई अभिभावक अपने बच्चों को लेने स्कूल पहुंच गए। अभिभावकों के अनुसार स्कूल प्रबंधन की ओर से संदेश भेजकर छुट्टी किए जाने की जानकारी दी गई थी। इसके बाद वे तुरंत बच्चों को लेने के लिए स्कूल पहुंचे।
तलाशी में कुछ संदिग्ध नहीं मिलने के बाद अभिभावकों ने राहत की सांस ली। धमकी की सूचना मिलते ही पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए दोनों स्कूलों में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी।