शिमला : प्रदेश कांग्रेस संगठन महामंत्री विनोद जिंटा ने पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर व प्रदेश भाजपा अध्यक्ष राजीव बिंदल की कड़े शब्दों में निंदा करते हुए कहा है कि प्रदेश को झूठ बोलकर गुमराह नहीं कर सकते। प्रदेश में मुख्यमंत्री बनने के जो सपने यह नेता देख रहे हैं वह अब कभी भी पूरे होने वाले नही। पार्टी में अपना वर्चस्व दिखाने के लिए भाजपा के नेता एक दूसरे से आगे बढ़ने की होड़ में लगे है, ऐसे में प्रदेश की कांग्रेस सरकार के खिलाफ कौन कितना झूठ बोल सकता है इस प्रतियोगिता में भाजपा नेताओं में होड़ लगी है।
विनोद ज़िंटा ने जयराम ठाकुर के आज के उनके बयानों पर उन्हें आड़े हाथ लेते हुए कहा है कि प्रदेश को कर्ज में डूबने के लिए उनकी पूर्व सरकार पूरी तरह दोषी है। प्रदेश पर 70 हजार करोड़ से अधिक का ऋण व 10 हजार करोड़ से अधिक की कर्मचारियों की देनदारियों के लिये उन्हें प्रदेश के लोगों से माफी मांगनी चाहिए। उन्होंने कहा कि भाजपा को प्रदेश की सुक्खू सरकार पर कोई भी आरोप लगाने का कोई नैतिक अधिकार नही है। अखंड भ्रष्टाचार में डूबे भाजपा के नेताओं के काले चिट्ठे सामने आ रहे हैं। इससे बौखला कर भाजपा कांग्रेस सरकार पर झूठे आरोप लगा रही है।
विनोद ज़िंटा ने कहा है कि भाजपा प्रदेश की सुक्खू सरकार के खिलाफ जितने भी जन आंदोलन कर ले, उनसे उसे कोई भी राजनीतिक मिलने वाला नहीं। प्रदेश के लोगों ने भाजपा को पूरी तरह नकार दिया है। प्रदेश की पूर्ण बहुमत वाली कांग्रेस सरकार को अस्थिर करने का असफल प्रयासों में भाजपा को प्रदेश के लोगों ने उप चुनावों में आईना दिखा दिया है। अब अगले साल होने वाले विधानसभा चुनावों में भी उसे करारी हार का मुंह देखना पड़ेगा।
विनोद ज़िंटा ने कहा है कि भाजपा को पहले नीट पेपर लीक, छात्रों पर हुई बर्बरता , और राम मंदिर चंदा चोरी पर देश को सफाई देनी चाहिए। देश के युवाओं के भविष्य से खिलवाड़, बढ़ती महंगाई व बेरोजगारी के लिये भी देश के लोगों से माफी मांगनी चाहिए। भाजपा देश प्रदेश के लोगों को अब ज्यादा दिनों तक गुमराह नहीं कर सकती।