हमीरपुर : हिमाचल प्रदेश राज्य चयन आयोग (एचपीआरसीए) हमीरपुर के सचिव डॉ. विक्रम महाजन ने बताया कि इस माह के आखिरी हफ्ते और अगले महीने के पहले हफ्ते के दौरान होने जा रही पटवारी और पंचायत सचिव की भर्ती परीक्षाओं में अगर कोई दिव्यांग अभ्यर्थी, गर्भवती महिला अभ्यर्थी या अन्य चिकित्सा संबंधी समस्याओं से पीड़ित उम्मीदवार या अन्य अपरिहार्य कारणों वाले उम्मीदवार, जो चिकित्सा आधार पर लेखक की सुविधा चाहते हैं या परीक्षा केंद्र अथवा परीक्षा की तिथि में प्राथमिकता प्राप्त करना चाहते हैं तो वे अपने आवेदन सभी आवश्यक दस्तावेजों सहित 12 नवंबर से पहले आयोग को प्रस्तुत करें।
डॉ. विक्रम महाजन ने बताया कि ये आवेदन आयोग के संशोधित दिशा-निर्देशों के अनुसार ही होने चाहिए। ये संशोधित दिशा-निर्देश आयोग की वेबसाइट पर भी उपलब्ध हैं। आवेदन में उम्मीदवार का नाम, उम्मीदवार का आवेदन आईडी, परीक्षा का नाम, जिले का चयन, ईमेल आईडी आदि का स्पष्ट रूप से उल्लेख होना चाहिए। निर्धारित समय सीमा के बाद प्राप्त कोई भी अनुरोध स्वीकार नहीं किया जाएगा।