ऊना में श्रद्धालुओं से भरा ट्रक खाई में गिरा, 50 से ज्यादा घायल
ऊना में श्रद्धालुओं से भरा ट्रक खाई में गिरा, 50 से ज्यादा घायल
ऊना: ऊना जिले के पीरनिगाह मंदिर के पास मंगलवार सुबह श्रद्धालुओं से भरा 16 टायर वाला ट्रक के अनियंत्रित होकर खाई में गिरने से करीब 50 श्रद्धालु घायल हो गए। इनमें चार की हालत गंभीर बताई जा रही है। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें पीजीआई चंडीगढ़ रेफर किया गया है, जबकि अन्य घायलों का क्षेत्रीय अस्पताल ऊना में उपचार चल रहा है। हादसे में करीब 50 श्रद्धालु घायल हो गए। जिनमें 13 श्रद्धालुओं के सिर में चोटें आई है। जबकि चार श्रद्धालुओं पायल (11) पुत्री नरेश, राकेश कुमारी (50) पत्नि राम लाल, नीतू (27), जयदीप (18) पुत्र कश्मीरी लाल को पीजीआई चंडीगढ़ रेफर किया गया है।
जानकारी के अनुसार हरियाणा के करनाल जिले के इंद्री क्षेत्र से करीब 60 श्रद्धालुओं का जत्था रविवार को ट्रक में सवार होकर पीरनिगाह पहुंचा था। श्रद्धालुओं ने मंदिर में दर्शन करने के साथ भंडारे का आयोजन भी किया। मंगलवार सुबह दर्शन करने के बाद वे मां नयना देवी के लिए रवाना हुए। पीरनिगाह से करीब दो किलोमीटर आगे उतराई में अचानक चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा। इससे ट्रक सड़क से नीचे खाई में जा गिरा। स्थानीय लोगों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया और पुलिस को सूचना दी। एंबुलेंस की मदद से घायलों को क्षेत्रीय अस्पताल ऊना पहुंचाया गया। पुलिस अधीक्षक सचिन हिरेमठ ने बताया कि हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।