सिरमौर : कार खाई में गिरी, महिला टीचर समेत तीन लोगों की मौत
सिरमौर : कार खाई में गिरी, महिला टीचर समेत तीन लोगों की मौत
सिरमौर: सिरमौर जिले के पच्छाद उपमंडल में रविवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में महिला टीचर समेत तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा सराहां बस स्टैंड से करीब 100 मीटर दूर उस समय हुआ, जब अधिकारी जेटली अपने परिवार और एक महिला शिक्षिका के साथ कार में घर लौट रहे थे। अचानक कार अनियंत्रित होकर करीब 250 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग, पुलिस और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंचे तथा घायलों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया।
हादसे में 48 वर्षीय शिक्षिका रीना शर्मा, निवासी धरगौण (सराहां), और कार चालक अधिकारी जेटली (65) की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं अधिकारी जेटली की पत्नी उर्मिला जेटली ने अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। दंपत्ति का बेटा यशस्वी गंभीर रूप से घायल है, जिसका इलाज नाहन मेडिकल कॉलेज में चल रहा है। प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए रेफर किया गया।
फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि कार अनियंत्रित होने की वजह क्या थी। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।