धर्मपुर: 30 से अधिक पंचायतों के हजारों परिवारों को अब घर-द्वार पर मिलेगी भारत गैस सेवा

धर्मपुर:  उपमंडल धर्मपुर की 30 से अधिक पंचायतों के हजारों परिवारों के लिए बुधवार को एक महत्वपूर्ण सुविधा का शुभारंभ हुआ। पुराना धर्मपुर में भारत पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (बीपीसीएल), भारत सरकार के उपक्रम, के अंतर्गत संचालित ‘नैना भारत गैस सर्विस’ का शुभारंभ विधायक चंद्रशेखर ने किया। इस अवसर पर एजेंसी प्रबंधक विजय कुमार भी उपस्थित रहे।

इस अवसर पर विधायक चंद्रशेखर ने कहा कि धर्मपुर क्षेत्र में भारत गैस एजेंसी की स्थापना लंबे समय से लोगों की प्रमुख मांग रही है। नई एजेंसी के शुरू होने से अब क्षेत्रवासियों को गैस सिलेंडर, नए कनेक्शन, केवाईसी, नवीनीकरण तथा अन्य गैस संबंधी सेवाओं के लिए रिवालसर, कोटली, सरकाघाट एवं संधोल-कोठुआं जैसे दूरस्थ क्षेत्रों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे।
उन्होंने कहा कि इस सुविधा से विशेष रूप से महिलाओं, बुजुर्गों तथा ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को बड़ी राहत मिलेगी। नई एजेंसी के माध्यम से उपमंडल धर्मपुर की 30 से अधिक पंचायतों के हजारों परिवारों को आवश्यक गैस सेवाएं स्थानीय स्तर पर ही उपलब्ध होंगी, जिससे समय और धन दोनों की बचत होगी। साथ ही बरसात एवं प्राकृतिक आपदाओं के दौरान भी उपभोक्ताओं को काफी सुविधा मिलेगी।
एजेंसी प्रबंधन ने बताया कि ‘नैना भारत गैस सर्विस’ के माध्यम से उपभोक्ताओं को गुणवत्तापूर्ण, त्वरित एवं पारदर्शी सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। एजेंसी क्षेत्र में गैस वितरण व्यवस्था को अधिक सुदृढ़ एवं सुविधाजनक बनाने के लिए प्रतिबद्ध रहेगी।
इस अवसर पर बीडीओ बालम राम, थाना प्रभारी विनोद कुमार, व्यापार मंडल अध्यक्ष राज कुमार सोनी, खाद्य आपूर्ति निरीक्षक देश राज,सरोज कुमार, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय धर्मपुर के प्रधानाचार्य देशराज, सुरेंद्र सकलानी, पूर्व प्रधान रोशन लाल, बीडीसी सदस्य हंसराज, अनिल कुमार, राकेश कुमार सहित अनेक गणमान्य नागरिक, महिला मंडलों एवं युवक मंडलों के प्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के अंत में नैना भारत गैस सर्विस प्रबंधन ने सभी अतिथियों एवं उपस्थित लोगों का आभार व्यक्त किया।

सम्बंधित समाचार

Comments are closed