शिमला: जुब्बल में 80 लाख से निर्मित चीवा कैंची से देवरा सड़क का किया लोकार्पण
शिमला: जुब्बल में 80 लाख से निर्मित चीवा कैंची से देवरा सड़क का किया लोकार्पण
शिमला: शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने आज अपने गृह क्षेत्र जुब्बल में 80 लाख रुपए से निर्मित 3 किलोमीटर लम्बी एक महत्वपूर्ण और बहु प्रतिक्षित “चीवा कैंची से देवरा” (जुब्बल) सड़क का लोकार्पण किया। उल्लेखनीय है कि शिक्षा मंत्री के विधानसभा क्षेत्र जुब्बल नावर कोटखाई मे यह 209वीं सड़क है जिसका निर्माण और सफलतापूर्वक पासिंग की गई है। आने वाले समय मे इस सड़क को मुख्य बाज़ार जुब्बल से जोड़ा जायेगा। इस अवसर पर आयोजित जनसभा को सम्बोधित करते हुए रोहित ठाकुर ने इस सड़क के निर्माण पर क्षेत्र के लोगों को शुभकामनायें दीं और बताया कि इस सड़क के निर्माण पर वह विशेष प्रसन्नता का अनुभव कर रहे क्यूंकि देवरा जुब्बल का एक प्रमुख गाँव है और रियासती समय से लेकर इस सड़क का कार्य लंबित पड़ा हुआ था। एक लम्बी समयावधि के बाद इस सड़क का निर्माण हुआ हुआ है। इस सड़क का सर्वेक्षण पूर्व मुख्यमंत्री ठाकुर रामलाल के समय हुआ था किन्तु इस सड़क के बनने में काफ़ी समय लगा गया और आज देवरा निवासियों का यह स्वप्न पूरा हुआ है। इस सड़क के बनने से न केवल देवरा वासी लाभान्वित होंगे बल्कि क्यारी, नेहनार और गुंन्तु के निवासियों को भी इसका लाभ मिलेगा तथा विशेष रूप से सेब की बागवानी के नज़रिये से यह सड़क एक वरदान सिद्ध होगी। रोहित ठाकुर ने बताया कि जुब्बल नावर कोटखाई वर्तमान समय में पुरे हिमाचल में विकास का पर्याय बन चुका है। जहाँ पर 850 करोड़ की लागत से सड़क और भवन निर्माण में विभिन्न विकास कार्य प्रगति पर है और अगले वर्ष के अंत तक यह आंकड़ा 1000 करोड़ रुपए तक पहुंच जायेगा। साथ ही पिछले लगभग 4 वर्षों के दौरान बहुत सी विकासात्मक परियोजनाओं को जनता को समर्पित भी किया गया है। उन्होंने बताया कि हाल ही में राष्ट्रीय राजमार्ग 705 (ठियोग-हाटकोटी मार्ग) और राष्ट्रीय राजमार्ग 707 (हाटकोटी-पावंटा मार्ग) के मरम्मत हेतू 75 करोड़ रूपये की स्वीकृति प्राप्त हुई है और शीघ्र ही इन दोनों राजमार्गो को और अधिक बेहतर बनाया जायेगा। सड़क निर्माण के कार्य पर बल देते हुए शिक्षा मंत्री ने बताया कि सड़के हिमाचल जैसे पहाड़ी राज्य में भाग्य रेखाएं और विकास का पर्याय हैं। उन्होंने प्रदेश के प्रथम मुख्यमंत्री यशवंत सिंह परमार सहित ठाकुर रामलाल और वीरभद्र सिंह को याद करते हुए बताया कि इन सभी महान नेताओं ने सड़कों के निर्माण पर विशेष बल दिया था और वह स्वयं भी सड़को के निर्माण को सदैव प्राथमिकता देते हैं। शिक्षा मंत्री ने बताया कि सड़कों के निर्माण के अतिरिक्त जुब्बल नावर कोटखाई में करोड़ों रूपये की लागत से विभिन्न जन कल्याणकारी योजनाएं चलाई जा जिसके तहत 11 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों का निर्माण किया जा रहा है जिसमें से 3 स्वास्थ्य केंद्रों को जनता को समर्पित किया जा चुका है। इसके अतिरिक्त जल शक्ति विभाग के अधीन 175 करोड़ रुपए के कार्य प्रगति पर हैं जिनमें से सबसे बड़ी और महत्वपूर्ण परियोजना 38.08 करोड़ रुपए से तैयार की गई पब्बर नदी से उठाऊ पेयजल योजना है जो जनता को समर्पित की जा चुकी है। इस 17 किलोमीटर लंबी परियोजना से जुब्बल-कोटखाई विधानसभा क्षेत्र की लगभग 23 पंचायतें लाभान्वित हो रही हैं। उन्होंने बताया कि जुब्बल-कोटखाई विधानसभा क्षेत्र में अन्य जल परियोजनायें चल रही हैं जिन्हें जल्दी पूरा किया जाएगा। रोहित ठाकुर बताया कि जुब्बल में 20 करोड़ की लागत से डकैड़ में निर्माणाधीन शिक्षक प्रशिक्षण संस्थान (SIEMAT) के निर्माण कार्य हो रहा है जोकि जुब्बल क्षेत्र में बनने वाला एक बड़ा और महत्वपूर्ण संस्थान है जहाँ पर आने वाले समय में प्रदेश और देश भर से शिक्षक प्रशिक्षण प्राप्त कर सकेंगे। इससे शिक्षा का आधारभूत ढांचा मज़बूत होगा और शिक्षा का स्तर बेहतर होगा। रोहित ठाकुर ने बताया कि युवाओं के स्वास्थ्य और नशे की प्रवृत्ति पर अंकुश लगाने की दृष्टि से वर्तमान सरकार द्वारा खेलों पर विशेष बल दिया जा रहा है और जुब्बल स्थित स्कूल ऑफ़ स्पोर्ट्स प्रदेश का पहला ऐसा खेल संस्थान है जहां पर छात्राओं को राष्ट्रीय स्तर की खेल सुविधाएं प्रदान की जा रही है। इस छात्रावास का निर्माण 1987 में हुआ था और उस समय केवल वॉलीबाल का प्रशिक्षण दिया जाता था किन्तु आज इस छात्रावास में 8 अलग-अलग खेलों का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। यहाँ की छात्राओं ने देश विदेश में जाकर बेहतरीन प्रदर्शन कर इस संस्थान का और जुब्बल का नाम रोशन किया है। इससे पूर्व क्यारी गाँव के लोगों ने चिवा पुल के समीप रोहित ठाकुर का स्वागत किया और इस सड़क के निर्माण पर उनका धन्यवाद व्यक्त किया। रोहित ठाकुर ने सभी ग्रामवासियो को शुभकामनायें दीं और इस सड़क के लिए भूमि दानदाता मुकेश अपटा का भी विशेष रूप से धन्यवाद किया। इस दौरान ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष जितेंद्र मेहता, नगर पंचायत जुब्बल की चेयरपर्सन अनिता चौहान, वाईस चेयरपर्सन राजेश तेजता, नगर पंचायत जुब्बल के सभी पार्षदगण, पंचायत समिति अध्यक्षा कमलेश झगटा, उपाध्यक्ष लोकपाल शर्कोली, स्थानीय पंचायत के उपप्रधान चमन, नगर पंचायत जुब्बल के प्रभारी यशोधर तानटा, बढ़ाल वार्ड प्रभारी राकेश शरखोली, युवा कांग्रेस अध्यक्ष दीपक काल्टा, नगर पंचायत जुब्बल के युवा अध्यक्ष तुषार गुप्ता, एसडीएम जुब्बल गुरमीत नेगी सहित पंचायती राज संस्थाओं के जनप्रतिनिधि, विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कांग्रेस पार्टी के कार्यकर्ता उपस्थित रहे।