ताज़ा समाचार

खेलो हिमाचल–चिट्टा मुक्त अभियान के तहत 8 खेलों का होगा आयोजन, युवाओं को मिलेगा अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर; विजेताओं को मिलेंगे आकर्षक नकद पुरस्कार

पुरुष एवं महिला वर्ग में आयोजित होंगी खेल प्रतियोगिताएं, जिला और उपमंडल स्तर पर विजेताओं को मिलेंगे आकर्षक नकद पुरस्कार

हिमाचल:  प्रदेश में युवाओं को नशे से दूर रखने और खेल गतिविधियों के प्रति प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से ‘खेलो हिमाचल–चिट्टा मुक्त अभियान’ के तहत खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन जिला भर में किया जाएगा। इसकी तैयारियों को लेकर उपायुक्त शिमला अनुपम कश्यप ने वीडियो कांफ्रेसिंग के माध्यम से सभी एसडीएम, तहसीलदार, खंड विकास अधिकारियों के साथ बैठक की।

उपायुक्त ने कहा कि ‘खेलो हिमाचल–चिट्टा मुक्त अभियान’ का उद्देश्य प्रदेश के युवाओं की ऊर्जा को सकारात्मक दिशा प्रदान करना, खेल संस्कृति को बढ़ावा देना तथा नशे के खिलाफ जनभागीदारी को मजबूत करना है। खेलों के माध्यम से युवाओं को नशे से दूर रहकर स्वस्थ, अनुशासित और सक्रिय जीवन जीने के लिए प्रेरित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस अभियान के तहत 15 से 30 वर्ष की आयु वर्ग के युवाओं को नशे से दूर रह कर खेलों से जोड़ने का प्रयास है।

उन्होंने कहा कि इस आयोजन के माध्यम से युवाओं को खेल प्रतिभा प्रदर्शित करने के साथ-साथ स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया जाएगा। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य युवाओं को खेलों के माध्यम से सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ना, उनकी खेल प्रतिभा को मंच प्रदान करना तथा नशे जैसी सामाजिक बुराई के खिलाफ जन-जागरूकता पैदा करना है। खेल प्रतियोगिताओं के माध्यम से युवाओं को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और नशामुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया जाएगा।

इस खेल आयोजन में पुरुष एवं महिला दोनों वर्गों के लिए विभिन्न खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। निर्धारित योजना के अनुसार क्रिकेट, बैडमिंटन (एकल एवं युगल), हॉकी, कबड्डी, रस्साकशी, वॉलीबॉल, कुश्ती और एथलेटिक्स (100, 200 एवं 400 मीटर दौड़) सहित कुल 08 खेल विधाओं को शामिल किया गया है। प्रतियोगिताओं में भाग लेने के लिए प्रतिभागियों की आयु 15 से 30 वर्ष निर्धारित की गई है। आयु संबंधी पात्रता का सत्यापन आधार कार्ड के माध्यम से किया जाएगा। 

पहले खंड स्तर पर फिर जिला स्तर और फिर राज्य स्तर पर खेलकूद प्रतियोगिताएं होंगी। जिला शिमला की 998 टीमों ने अभी तक पंजीकरण कर लिया है। इच्छुक टीमें https://khelohimachal.hp.gov.in इस वेबसाइट पर अपना पंजीकरण 30 नवंबर, 2026 तक करवा सकते हैं।

बैठक में बताया गया कि जिला स्तर पर जिलाधीश की अध्यक्षता में कमेटी कार्य करेगी जिसमें एसपी, सीएमओ, डीपीआरओ, उप निदेशक उच्च शिक्षा, उप निदेशक स्कूल शिक्षा, जिला पंचायत अधिकारी, जिला युवा सेवाएं एवं खेल अधिकारी, मान्यता प्राप्त खेल संघों के प्रतिनिधि और जल शक्ति और लोक निर्माण विभाग के अधिकारी शामिल रहेंगे। अगले तीन दिनों के भीतर सभी एसडीएम अपने-अपने स्तर पर बैठक करेंगे। इस बैठक के विभिन्न विभागों के विभागाध्यक्ष, तहसीलदार, डीएसपी, बीएमओ, एपीआरओ, खंड विकास अधिकारी, पंचायत सचिव, अन्य हित धारक शामिल होंगे।

यह भी रहे उपस्थित: बैठक में अतिरिक्त उपायुक्त सचिन शर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गौरवजीत सिंह, एसडीएम शिमला शहरी सन्नी शर्मा, एसडीएम शिमला ग्रामीण कार्तिकेय शर्मा, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ यशपाल रांटा, जिला युवा सेवाएं एवं खेल अधिकारी राकेश धौता सहित अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।

विजेताओं को मिलेंगे आकर्षक नकद पुरस्कार: प्रतियोगिताओं के उपमंडल स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले विजेता को 51 हजार रुपये, द्वितीय स्थान पर 41 हजार रुपये तथा तृतीय स्थान पर 31 हजार रुपये का पुरस्कार दिया जाएगा। जिला स्तर पर प्रथम पुरस्कार 2 लाख रुपये, द्वितीय पुरस्कार 1.50 लाख रुपये और तृतीय पुरस्कार 1 लाख रुपये निर्धारित किया गया है। राज्य स्तर पर छह मुख्य खेल विधाओं में प्रथम स्थान के लिए 31 हजार रुपये, द्वितीय स्थान के लिए 15 हजार रुपये तथा तृतीय स्थान के लिए 10 हजार रुपये की पुरस्कार राशि प्रस्तावित है। इसके अतिरिक्त राज्य स्तर पर कुश्ती और रस्साकशी प्रतियोगिताओं के लिए प्रथम पुरस्कार 11 लाख रुपये, द्वितीय पुरस्कार 5 लाख रुपये तथा तृतीय पुरस्कार 3 लाख रुपये निर्धारित किए गए हैं। सभी प्रतियोगिताओं में पुरुष एवं महिला वर्ग के लिए समान नकद पुरस्कार राशि का प्रावधान रखा गया है।

फुटबॉल और बास्केटबॉल भी होंगे शामिल: खेल आयोजन में दो अतिरिक्त खेल विधाओं फुटबॉल और बास्केटबॉल को भी शामिल किया गया है। इन दोनों खेलों के लिए संशोधित पुरस्कार राशि युवा सेवाएं एवं खेल विभाग द्वारा प्रभारी मंत्री की स्वीकृति के उपरांत अंतिम रूप से निर्धारित की जाएगी।

अभियान का मेगा उद्घाटन समारोह 15 दिसंबर, 2026 को धर्मशाला (कांगड़ा) में आयोजित किया जाएगा। इसके बाद 16 दिसंबर, 2026 से उपमंडल स्तर पर प्रतियोगिताएं शुरू होंगी। शिमला जिला में खेलो हिमाचल टूर्नामेंट का उद्घाटन समारोह 16 दिसंबर को सुन्नी उपमंडल में प्रस्तावित है।

जिला शिमला में प्रतियोगिताओं के आयोजन के लिए विभिन्न उपमंडलों में खेल मैदान एवं स्थल निर्धारित किए गए हैं। इसके तहत चौपाल में कॉलेज ग्राउंड नेरवा में एथलेटिक्स, बैडमिंटन, कबड्डी, रस्साकशी, वॉलीबॉल और कुश्ती तथा राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला चौपाल के मैदान में क्रिकेट एवं हॉकी प्रतियोगिताएं होंगी।

डोडरा क्वार में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला क्वार एवं हेलिपैड क्वार में सभी 08 खेल विधाओं की प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। जुब्बल में सरस्वती नगर सावड़ा कॉलेज ग्राउंड में एथलेटिक्स, क्रिकेट, हॉकी और रस्साकशी तथा जुब्बल हॉस्टल/बॉयज स्कूल जुब्बल स्टेडियम में बैडमिंटन, कबड्डी, वॉलीबॉल और कुश्ती की प्रतियोगिताएं होंगी।

कोटखाई में एचपीसीए अकादमी ग्राउंड गुम्मा में एथलेटिक्स एवं क्रिकेट तथा डीएवी कॉलेज कोटखाई में बैडमिंटन, हॉकी, कबड्डी, रस्साकशी, वॉलीबॉल और कुश्ती के मुकाबले होंगे। कुमारसैन में कोटेश्वर महादेव ग्राउंड में सभी आठ खेल विधाओं की प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी।

कुपवी में मुख्य कुपवी ग्राउंड पर एथलेटिक्स, बैडमिंटन, कबड्डी, रस्साकशी, वॉलीबॉल और कुश्ती तथा खून कुपवी में क्रिकेट एवं हॉकी के मुकाबले होंगे। रामपुर में पीजीयूएसएसएस रामपुर बुशहर, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला दत्तनगर तथा गोविंद बल्लभ मेमोरियल कॉलेज रामपुर में सभी आठ खेल विधाओं की प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी।

रोहड़ू में आउटडोर स्टेडियम समाला में एथलेटिक्स, क्रिकेट और हॉकी तथा इंडोर स्टेडियम समाला में बैडमिंटन, कबड्डी, रस्साकशी, वॉलीबॉल और कुश्ती के मुकाबले होंगे। शिमला ग्रामीण में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला जुन्गा में सभी आठ खेल विधाओं की प्रतियोगिताएं होंगी।

शिमला शहरी में पुलिस ग्राउंड भराड़ी में एथलेटिक्स, क्रिकेट और रस्साकशी, विश्वविद्यालय ग्राउंड समरहिल में हॉकी, कबड्डी, वॉलीबॉल एवं कुश्ती तथा चौड़ा मैदान बैडमिंटन कोर्ट में इंडोर बैडमिंटन प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी।

सुन्नी में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला सुन्नी में सभी आठ खेल विधाओं के मुकाबले होंगे। वहीं ठियोग में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला संधू में एथलेटिक्स, बैडमिंटन, कबड्डी, रस्साकशी, वॉलीबॉल एवं कुश्ती तथा सरोग ठियोग में क्रिकेट और हॉकी की प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी।

सम्बंधित समाचार

Comments are closed