शिमला में 242 ग्राम चिट्टे के साथ 3 युवक गिरफ्तार..
शिमला में 242 ग्राम चिट्टे के साथ 3 युवक गिरफ्तार..
शिमला: हिमाचल प्रदेश में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के बीच शिमला पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। स्पेशल सेल शिमला की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर शोघी बैरियर के पास नाकेबंदी कर एक कार से 242 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद किया है। पुलिस ने मौके से तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस दवारा जानकारी अनुसार स्पेशल सेल शिमला की टीम को गुप्त सूचना प्राप्त हुई कि कुछ व्यक्ति शोघी बैरियर क्षेत्र से एक वाहन में चिट्टा/हेरोइन की खेप लेकर जा रहे हैं। प्राप्त सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने तत्काल नाकाबंदी कर संदिग्ध वाहन को रोककर नियमानुसार स्वतंत्र गवाहों की उपस्थिति में तलाशी ली। तलाशी के दौरान वाहन से 242 ग्राम चिट्टा/हेरोइन बरामद की गई।
वाहन में सवार तीन व्यक्तियों की पहचान निम्नलिखित के रूप में हुई—
इन्द्रदेव उर्फ दाणू, पुत्र स्व. मदन लाल, निवासी सुन्नी, जिला शिमला।
मोती शर्मा, पुत्र रवि शर्मा, निवासी, न्यू शिमला, जिला शिमला।
सूरज चौहान, पुत्र केवल राम, मूल निवासी जिला देवरिया (उत्तर प्रदेश), वर्तमान निवासी कुमारसैन, जिला शिमला।
तीनों आरोपियों को मौके पर ही गिरफ्तार किया गया तथा उनके विरुद्ध पुलिस थाना बालूगंज में अभियोग संख्या 133/2026 दिनांक 06.07.2026, अधीन धारा 21 एवं 29 एनडीपीएस अधिनियम के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है। प्रारम्भिक जांच में यह सामने आया है कि मुख्य आरोपी इन्द्रदेव उर्फ दाणू एक आदतन नशा तस्कर है। उसके विरुद्ध पूर्व में 53 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं, जिनमें एनडीपीएस अधिनियम के 9 मामले, आर्म्स एक्ट, आबकारी अधिनियम तथा चोरी से संबंधित मामले शामिल हैं।
आरोपी को पूर्व में PIT-NDPS Act के अंतर्गत तीन माह के लिए निरुद्ध (Detain) किया गया था तथा वह दिनांक 21.06.2026 को ही जेल से रिहा हुआ था। प्रारम्भिक जांच के अनुसार वह सुन्नी, रामपुर, कुमारसैन तथा जिला शिमला के अन्य क्षेत्रों में सैकड़ों युवाओं तक चिट्टा पहुंचाने वाले नेटवर्क का सक्रिय सदस्य था।
तीनों आरोपियों को माननीय न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमांड प्राप्त किया जा रहा है। मामले में सप्लाई चेन, बैकवर्ड एवं फॉरवर्ड लिंकेज, वित्तीय लेन-देन तथा नेटवर्क से जुड़े अन्य व्यक्तियों की पहचान के संबंध में गहन एवं वैज्ञानिक अन्वेषण जारी है।