ताज़ा समाचार

स्‍कूली बसों में ओवरलोडिंग एवं सुरक्षा मानकों पर सीडब्‍ल्‍यूसी ने आरटीओ से रिपोर्ट मांगी..

धर्मशाला: जिला कांगड़ा में संचालित होने वाली स्‍कूली बसों में होने वाली ओवरलोडिंग पर अंकुश लगाने और स्‍कूली बसों से संबंधित अन्‍य सुरक्षा मानकों में बरती जा रही ढील की सूचनाओं पर जिला बाल कल्याण समिति (सीडब्‍ल्‍यूसी) कांगड़ा ने कड़ा संज्ञान लिया है। विभिन्‍न माध्‍यमों से प्राप्‍त सूचनाओं के आधार पर जिला बाल कल्‍याण समिति ने स्‍कूली बसों के संचालन के मानकों को पूरी तरह से लागू करवाने को लेकर क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी धर्मशाला और देहरा को एक पत्र लिखा है। इस पत्र के माध्‍यम से समिति ने दोनों क्षेत्रीय परिवहन अधिकारियों से स्कूली बसों में ओवरलोडिंग की समस्या और सुरक्षा मानकों को सुनिश्चित करने को कहा है। यह जानकारी जिला बाल कल्‍याण समिति के अध्‍यक्ष विक्रमजीत शर्मा ने दी।

उन्‍होंने बताया कि समिति की ओर से आरटीओ धर्मशाला एवं आरटीओ देहरा को एक पत्र लिखा गया है। इसके माध्‍यम से स्‍कूली बसों में सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन करने के अलावा जरूरी जानकारी भी तलब की गई है। सीडब्‍ल्‍यूसी जिला कांगड़ा ने दोनों क्षेत्रीय परिवहन अधिकारियों से विभिन्‍न मानकों जैसे स्कूल बस की सिटिंग कैपेसिटी, बस में बैठने वाले बच्चों की संख्‍या सुनिश्‍चित करना, बस में सीसीटीवी की व्‍यवस्‍था और जिल स्‍कूली बसों में बच्चियां हों उसमें एक महिला अटेंडेंट की तैनाती सुनिश्‍चित करना इत्‍यादि की पालना सुनिश्‍चित किए जाने और इनका पालन किए जाने को लेकर स्‍कूलों द्वारा मुहैया करवाए गए पत्रों की जानकारी भी मांगी है। समिति ने इस संबंध में 15 दिनों के भीतर कम्पलायंस रिपोर्ट तलब की है।

विक्रमजीत शर्मा ने बताया कि जिला बाल कल्‍याण समिति बच्‍चों के संरक्षण एवं कानूनी अधिकारों की पालना को लेकर गंभीरता से कार्य कर रही है। विभिन्‍न सूचना तंत्रों के माध्‍यम से जिला भर में बच्‍चों के सर्वोत्‍तम हित से जुड़े मामलों पर कड़ी नजर रखी जा रही है और आवश्‍यकता पड़ने पर त्‍वरित कार्यवाही की जा रही है। उन्‍होंने कहा कि जिलावासी बच्‍चों के उत्‍पीड़न या अधिकारों के हनन से जुड़े मामलों में कार्यालय फोन नंबर 01892-222184 या ईमेल आईडी kangracwc@gmail.com पर सूचना दे सकते हैं या सहायता मांग सकते हैं।

सम्बंधित समाचार

Comments are closed