कांगड़ा: हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले के धर्मशाला स्थित टिहरा लाइन कैंट मैक्लोडगंज आर्मी कैंट में तीन जवानों की मौत हो गई। जानकारी अनुसार सिख रेजिमेंट के जवान ने अपने दो साथियों को गोली मारने के बाद खुद को भी गोली मारकर आत्महत्या कर ली। जवान ने रात दो बजे बेरक में सो रहे साथियों पर गोलियां चला दीं। मिली जानकारी के मुताबिक टिहरा लाइन कैंट मैक्लोडगंज, धर्मशाला में सिपाही जसवीर सिंह की ऑफिसर मेस में 2 से सुबह 6 बजे तक डयूटी लगी हुई थी। रात को जसवीर सिंह अपनी सर्विस राइफल के साथ बैरक में पहुंचा। जसवीर सिंह ने बैरक में बिस्तर पर सो रहे दो साथियों पर राइफल से गोलियां चला दीं। हवलदार हरदीप सिंह और नायक हरपाल सिंह को गोली मारने के बाद जसवीर ने खुद को भी राइफल से गोली मारकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने फारेंसिक विशेषज्ञों के साथ मौके का मुआयना किया है। छानबीन जारी है।
मृतकों में 18 सिख रेजिमेंट के सिपाही जसवीर सिंह उम्र 21 साल पुत्र निर्भय सिंह जिला बरनाला पंजाब, हवलदार हरदीप सिंह उम्र 43 साल पुत्र चंचल सिंह जिला तरनतारन पंजाब और नायक हरपाल सिंह उम्र 35 साल पुत्र तरसेम सिंह गांव थुंडी जिला गुरदासपुर पंजाब शामिल हैं।