बैजनाथ: विनवा नदी एवं खीरगंगा घाट क्षेत्र में गंदगी फैलाने वाले के विरुद्ध होगी कड़ी कार्रवाई
बैजनाथ: विनवा नदी एवं खीरगंगा घाट क्षेत्र में गंदगी फैलाने वाले के विरुद्ध होगी कड़ी कार्रवाई
बैजनाथ: उपमंडलाधिकारी बैजनाथ संकल्प गौतम ने आज विनवा नदी तथा खीरगंगा घाट क्षेत्र का निरीक्षण करते हुए वहां लगातार बढ़ रही गंदगी एवं कूड़ा-कचरा फेंके जाने की समस्या पर गंभीर चिंता व्यक्त की।
इस अवसर पर उन्होंने खीरगंगा घाट तथा विनवा नदी में कूड़ा-कचरा फेंकने वाले लोगों को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा कि प्राकृतिक जल स्रोतों को प्रदूषित करना किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि भविष्य में यदि कोई व्यक्ति नदी अथवा घाट क्षेत्र में गंदगी फैलाते हुए पाया गया तो उसके विरुद्ध नियमानुसार कड़ी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
एसडीएम संकल्प गौतम ने कहा कि विनवा नदी एवं इसके आसपास के क्षेत्रों में शीघ्र ही विशेष स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा ताकि क्षेत्र को साफ-सुथरा एवं पर्यावरण अनुकूल बनाया जा सके। उन्होंने बताया कि संवेदनशील एवं आवश्यक स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे भी स्थापित किए जाएंगे जिससे गंदगी फैलाने वाले लोगों पर निगरानी रखी जा सके तथा नियमों का प्रभावी ढंग से पालन सुनिश्चित किया जा सके।
उन्होंने स्थानीय लोगों, व्यापारियों एवं युवाओं से भी अपील करते हुए कहा कि वे पर्यावरण संरक्षण एवं स्वच्छता बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें तथा नदियों एवं सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ रखने में अपनी जिम्मेदारी निभाएं। उन्होंने कहा कि स्वच्छ एवं प्रदूषण मुक्त वातावरण बनाए रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
इस अवसर पर नायब तहसीलदार गुरुमुख सिंह सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।