शिमला: शिमला शहरवासियों के लिए राहत की खबर है। गुरुवार को नगर निगम शिमला के मेयर सुरेंद्र चौहान के साथ हुई बैठक में मांगों पर सहमति बनने के बाद सैहब सोसाइटी कर्मियों ने अपनी हड़ताल वापस ले ली है। शुक्रवार से शहर के सभी घरों से कूड़ा नियमित रूप से उठाया जाएगा। गुरुवार को सैहब कर्मचारी यूनियन अध्यक्ष जसवंत सिंह व अन्य पदाधिकारियों की नगर निगम महापौर सुरेंद्र चौहान के साथ बैठक हुई। बैठक में कर्मचारियों की सभी मांगों पर सहमति बनी है। जिसमें सफाई कर्मियों की 10 फीसद वेतन बढ़ोतरी की मांग को 4 जून को होने वाली एजीएम के समक्ष मजबूती से रखा जाना है। प्रशासन की ओर से बर्खास्त 41 कर्मचारियों की सेवाएं बहाल करने का आश्वासन, 4-9-14 का वित्तीय लाभ व विशेष छुट्टी सुविधा देने पर सहमति बनी है।
शुक्रवार से सभी कर्मचारी अपने-अपने काम पर लाैटेंगे। शहर के सभी घरों से कूड़ा नियमित रूप से उठाया जाएगा।