शिमला: प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार ने पार्टी पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं का आह्वान किया है कि वह भाजपा के किसी भी दुष्प्रचार से लोगों को जागरूक करें। उन्होंने कहा है कि भाजपा झूठ बोलने में माहिर हैं और लोगों को गुमराह करना भाजपा की आदत है।
विनय कुमार ने कहा है कि भाजपा झूठ की राजनीति करती है। भाजपा को प्रदेश की कोई चिंता नही है। घड़याली आंसू बहाने में नंबर एक है भाजपा के नेता। भाजपा ने आपदा के समय आपदाग्रस्त लोगों की कोई सुध नहीं ली। केंद्र से भी आज दिन तक प्रदेश को कोई मदद नही आने दी।
विनय कुमार ने कहा कि विधानसभा चुनावों में करारी हार के बाद इसके नेताओं ने प्रदेश की पूर्ण बहुमत वाली सरकार को एक साजिश के तहत अस्थिर करने की पूरी कोशिश की। प्रदेश पर उप चुनाव थोपे। प्रदेश के लोगों ने भाजपा के इस षड्यंत्र को विफल किया और उप चुनावों में भी भाजपा को करारी शिकस्त दी।
विनय कुमार ने कहा कि प्रदेश के विकास को प्रभावित करने के लिए केंद्र की भाजपा सरकार ने प्रदेश की आरडीजी,राजस्व घाटा अनुदान बंद कर प्रदेश के साथ जो अन्याय किया है प्रदेश के लोग इस अन्याय के खिलाफ इन चार नगर निगमों,नगर निकायों व पंचायती राज संस्थाओं के चुनावों में भाजपा को करारा जवाब देंगे। कांग्रेस भाजपा की जन विरोधी नीतियों व निर्णयों को जनता के बीच लेकर इन चुनावों में उतरेगी। प्रदेश के लोग कांग्रेस के साथ है और आगे भी रहेंगे।