कुल्लू: कुल्लू जिले के आनी में ब्रौ पुलिस थाना के तहत पंचायत कुशवा के किंचा गांव में घास काटते समय पैर फिसलने से खाई में गिरकर पति-पत्नी की मौत हो गई। पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक इस घटना से एक दिन पहले उनकी बेटी का जन्मदिन था। उन्होंने रात को अपने रिश्तेदारों के साथ मिलकर जन्मदिन धूमधाम से मनाया। शुक्रवार को दोनों के साथ यह दर्दनाक हादसा हो गया। दंपती की पहचान कींचा निवासी 26 वर्षीय भगवान दास पुत्र दया राम और 24 वर्षीय उसकी पत्नी कपिला के रूप में हुई है। उक्त दंपती अपने पीछे एक तीन वर्ष की बेटी को छोड़ गया है। उधर, डीएसपी आनी चंद्रशेखर कायथ ने बताया कि उक्त दंपती की मौत पहाड़ी पर घास काटते समय पैर फिसलने के कारण गहरी खाई में गिरने से हुई है। पुलिस ने मामला दर्ज करके जाँच शुरू कर दी है।